नरेश मीणा को एनकाउंटर का डर! वसुंधरा राजे को ललकारा, पुलिस ने लगाया 25 पैसे का इनाम!

राजस्थान के युवा नेता नरेश मीणा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक तरफ बारां पुलिस वनकर्मियों से मारपीट और सरकारी जनरेटर छुड़ाकर ले जाने के मामले में उनकी तलाश कर रही है, तो दूसरी तरफ नरेश मीणा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने अपने एनकाउंटर की आशंका जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया पर भी गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए हैं। इस बीच बारां पुलिस की तरफ से उनकी गिरफ्तारी पर महज 25 पैसे का इनाम घोषित किए जाने की खबर भी सुर्खियों में है।
वसुंधरा राजे और प्रमोद जैन भाया पर लगाए आरोप
नरेश मीणा ने अपने वीडियो में प्रमोद जैन भाया पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ कई मामले होने के बावजूद पुलिस उनके खिलाफ वैसी कार्रवाई नहीं करती, जैसी दूसरे लोगों के खिलाफ की जाती है। उन्होंने इसके पीछे राजनीतिक संरक्षण होने का दावा किया।
नरेश मीणा ने इस कथित राजनीतिक संरक्षण के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वसुंधरा राजे और प्रमोद जैन भाया के बीच राजनीतिक समीकरण हैं। उनके मुताबिक, भाया वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह को राजनीतिक फायदा पहुंचाते हैं, जबकि दूसरी तरफ भाया को भी राजनीतिक समर्थन मिलता है।
नरेश मीणा ने अंता चुनाव के बाद दिल्ली में हुई बैठक का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात हुई थी, लेकिन आखिरकार कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
'मेरा एनकाउंटर हो सकता है, मैं जिंदा रहूं या नहीं'
वीडियो में नरेश मीणा ने अपनी जान को लेकर आशंका जताई। उन्होंने कहा कि उनका एनकाउंटर किया जा सकता है या उनके हाथ-पैर तोड़े जा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
उन्होंने वसुंधरा राजे और दुष्यंत सिंह को साल 2029 के लिए राजनीतिक चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें यहां से जाना पड़ेगा। इस बयान के जरिए नरेश मीणा ने साफ संकेत दिया कि वह मौजूदा विवाद को केवल गिरफ्तारी या पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि इसे बड़े राजनीतिक संघर्ष के तौर पर पेश कर रहे हैं।
बारां पुलिस का 25 पैसे का इनाम, पांच थानों की टीमें तलाश में जुटीं
दूसरी तरफ बारां पुलिस ने नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने पर महज 25 पैसे का इनाम घोषित किया है। इसे लेकर भी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा हो रही है, सियासी जानकारों के मुताबिक ये इनाम नरेश मीणा की छवि को छोटा दिखाने के प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर रखा गया है।
पुलिस की पांच थानों की टीमें छबड़ा, छीपाबड़ौद, अटरू, मोठपुर और कवाई इलाके में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गुंदलाई गांव स्थित एक फार्म हाउस पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने नरेश मीणा के दो कथित सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि नरेश मीणा मौके से निकलने में सफल रहे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 1 नवंबर को बारां जिले के नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय में वनकर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया था। आरोप है कि नरेश मीणा की मौजूदगी में समर्थकों की भीड़ ने वनकर्मियों के साथ मारपीट की और वन विभाग की ओर से जब्त किया गया जनरेटर जबरन छुड़ाकर ले गई।
इस मामले में नरेश मीणा और उनके समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस पहले ही कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। नरेश मीणा की तलाश में उनके घर सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा चुकी है।
नरेश मीणा ने पहले 6 नवंबर को शाम 5 बजे नाहरगढ़ थाने पहुंचकर गिरफ्तारी देने का ऐलान किया था, लेकिन बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर पुलिस के सामने सरेंडर करने के बजाय अदालत की शरण लेने की बात कही।
सियासत में क्या हैं इसके मायने?
नरेश मीणा के ताजा वीडियो को राजस्थान की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। एक तरफ वह पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के बड़े राजनीतिक चेहरों को सीधे निशाने पर ले रहे हैं।
वसुंधरा राजे और प्रमोद जैन भाया का नाम लेकर उन्होंने स्थानीय विवाद को प्रदेश की राजनीति से जोड़ने की कोशिश की है। वहीं 2029 की चुनौती देकर उन्होंने अपने राजनीतिक इरादों के भी संकेत दिए हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि नरेश मीणा इस कानूनी संकट से कैसे बाहर निकलते हैं? क्या वह अदालत के जरिए अपनी लड़ाई लड़ेंगे या आने वाले दिनों में यह विवाद और बड़ा राजनीतिक रूप लेगा? फिलहाल बारां पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और नरेश मीणा के वीडियो ने राजस्थान की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।
इस लिंक को शेयर करें

