NEET PG 2026 में फिर तकनीकी गड़बड़ी! जयपुर के परीक्षा केंद्र पर बार-बार बंद हुए कंप्यूटर, अभ्यर्थियों ने किया विरोध

NTA द्वारा करवाई जा रही परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं नज़र आ रही हैं। रविवार को भी NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित डिजिटल ION परीक्षा केंद्र पर एग्जाम के दौरान तकनीकी खराबियों के चलते कई अभ्यर्थियों को एग्जाम देने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों ने इसका विरोध किया। परीक्षा देने आए डॉक्टरों और छात्रों का आरोप है कि एग्जाम के दौरान कंप्यूटर बार-बार बंद हुए जा रहे थे। साथ ही, सिस्टम में भी कम सवाल दिखा रहा था।
बार-बार बंद हुए सिस्टम
अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से लेकर करीब दो घंटे तक कंप्यूटर सिस्टम कई बार बंद हो गए। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा शुरू होने का समय सुबह 9 बजे तय था, लेकिन परीक्षा करीब 10 बजे एक घंटे देरी से शुरू हुई। इसके बाद भी कुछ कंप्यूटर 6 से 7 बार बंद हुए, जबकि दोबारा सिस्टम चालू होने पर अलग-अलग स्क्रीन पर सिर्फ कुछ ही सवाल दिखाई दे रहे थे। इन्हीं सब समस्याओं के चलते पूरी परीक्षा के दौरान करीब 10 बार एग्जाम बाधित हुआ।
सेंटर मैनेजमेंट का गैर-जिम्मेदाराना रवैया
इस दौरान सेंटर मैनेजमेंट की तरफ से इस तकनीकी खराबी को लेकर कोई साफ़ जानकारी नहीं दी गई। इससे छात्रों में रोष और तनाव बढ़ गया। कई उम्मीदवार परीक्षा केंद्र से बाहर आकर विरोध करने लगे।
कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि जब वे शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो उन्हें प्रदर्शन जारी रखने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। हालांकि इस आरोप पर पुलिस या परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
छात्रों ने उठाए सवाल और पेपर लीक का शक
अभ्यर्थियों ने बार-बार सिस्टम बंद होने की वजह से परीक्षा की गोपनीयता पर भी सवाल उठाए हैं और पेपर लीक की आशंका जताई है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि NEET PG जैसी विशेष परीक्षा के लिए भारी फीस ली जाती है, ऐसे में तकनीकी व्यवस्थाएं मजबूत होनी चाहिए। अगर परीक्षा या प्रश्नपत्र की सुरक्षा से समझौता साबित होता है तो परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित होनी चाहिए।
इस लिंक को शेयर करें

