जयपुर में परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल, 49 छात्रों का पेपर छूटा, NTA ने लिया बड़ा फैसला

NTA Exam Power Outage Jaipur: देशभर में शनिवार को 200 परीक्षा केंद्रों पर स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा आयोजित हुई। इस दौरान जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक पीजी कॉलेज में एक भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां स्थित परीक्षा केंद्र की बिजली गुल होने और उसके बाद जनरेटर की व्यवस्था नहीं होने के कारण सभी कम्प्यूटर सिस्टम बंद पड़े रहे। इस कारण 49 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए। इसके बाद एनटीए ने इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द करने का फैसला किया। अब यह परीक्षा 1 सितंबर को सुबह 10 बजे इंजीनियरिंग कॉलेज फॉर वुमन में आयोजित होगी।
एनटीए की ओर से पूरे देश में शनिवार को स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा आयाजित की गई। इस दौरान जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक पीजी कॉलेज में 192 अभ्यर्थियों की परीक्षा थी। लेकिन सेंटर की बिजली गुल होने के कारण 49 अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए। जानकारी के अनुसार सेंटर पर जनरेटर की समुचित व्यवस्था नहीं थी। परीक्षा हॉल में बैठे अभ्यर्थी काफी देर पंखे और लाइट चालू होने का इंतजार करते रहे। इधर केंद्र प्रशासन ने निर्धारित समय 12 बजते ही सभी परीक्षार्थियों को सेंटर से बाहर निकाल दिया।
1 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
ऐसे में जिन परीक्षार्थियों का पेपर छूट गया वे सेंटर के बाहर आकर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए छात्रों को शांत कराया। इधर मामले की जानकारी एनटीए तक पहुंचते ही एजेंसी ने सर्कुलर जारी कर जयपुर के पीजी कॉलेज की परीक्षा रद्द कर दी। अब यह परीक्षा 1 सितंबर को सुबह 10 बजे नए सेंटर इंजीनियरिंग कॉलेज फॉर वुमन में आयोजित होगी। वहीं एनटीए ने पूरे मामले को लेकर खेद व्यक्त किया। बता दें कि स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में पूरे देश में 36 हजार 979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 35 हजार 837 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
इस लिंक को शेयर करें

