पहली बारिश में ही बहा पचपदरा रिफाइनरी नेशनल हाईवे, डामर उखड़ी, सुरक्षा पिलर हवा में लटके

Pachpadra Refinery National Highway: सरकारी निर्माण कार्यों में प्रोजेक्ट का जिम्मा जिन अधिकारियों के हाथों में होता है वे अक्सर भ्रष्टाचार में लिप्त होते हैं। इसी का परिणाम है कि कोई भी हाईवे हो या एक्सप्रेस वे बारिश के दौरान या तो वहां पर गड्ढे बन जाते हैं या पूरी की पूरी सड़क ही बह जाती है। अब ताजा मामला बालोतरा जिले से गुजरने वाले पचपदरा रिफाइनरी नेशनल हाईवे पहली बारिश में ही बह गया। ऐसे में अब हाईवे के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बता दें कि बालोतरा क्षेत्र में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण जगह-जगह पर डामर बह गया है, दरारें उभर आई हैं। इसके अलावा सड़क साइड शोल्डर की मिट्टी भी पानी के तेज बहाव के कारण बह गई। सहारा होटल से पहले बने ब्रिज के पास बने कंक्रीट के पिलर हवा में ही लटक गए हैं। ब्रिज के पास सड़क धंसने से हादसों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों ने कहा कि अभी इस हाईवे का निर्माण पूरी तरह से नहीं हुआ है इससे पहले ही डामर उखड़ने लगी है। इसके अलावा साइड शोल्डर को जो मजबूती दी जानी चाहिए थी वह नहीं दी गई। इस कारण आज ये हालात बन गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अगर इस हाईवे का निर्माण गुणवत्ता से किया जाता तो आज ये स्थिति नहीं बनती।
अधिकारियों की निगरानी पर सवाल
फिलहाल प्रशासन ने दरारें पड़ने के बाद सहारा होटल से लेकर ओवरब्रिज तक मुख्य लेन को पुलिस और निर्माण एजेंसी ने बैरियर लगाकर ब्लॉक कर दिया है। ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। फिलहाल हाईवे की मरम्मत का काम फिर से चालू हो गया है। बता दें कि यह हाईवे पचपदरा रिफाइनरी के लिए महत्वपूर्ण है। रिफाइनरी से निकलने वाले भारी वाहन यही से होकर गुजरेंगे। ऐसे में अधिकारियों की अनदेखी को लेकर भी बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस लिंक को शेयर करें

