खत्म हुआ 20 साल का इंतजार, बिना किसी विवाद के खोला गया पांचना बांध का पानी

आखिरकार 20 साल बाद पांचना बांध का पानी खोल दिया गया। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, जिला प्रभारी मंत्री और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने बांध के पास हवन-पूजन कर पानी छोड़ने की शुरूआत की। इसके साथ ही उन्होंने 61 लाख रुपए की लागत वाली गुडला लिफ्ट परियोजना का भी शिलान्यास किया।
इस तरह हुई नहरों में पानी लाने की शुरुआत
करौली में पहाड़ी गांव स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में शिलान्यास और पानी छोड़ने से पहले हवन-पूजन का कार्यक्रम रखा गया था। जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने चाबी से गेट खोलकर बांध की नहरों में पानी को चालू कराया। इस तरह नहरों में पानी छोड़ने का उन्होंने शुभारंभ किया। इससे पहले बांध के तीन गेट खोलकर गंभीर नदी में पानी की निकासी कराई और फिर गुडला पांचना पुरानी लिफ्ट का बटन दबाकर भी क्षेत्र के गांव को पानी की निकासी की।
इस तरह क जवाहर सिंह बेढ़म और सुरेश रावत ने पांचना बांध से एक साथ तीन क्षेत्रों में पानी की निकासी की। अब पांचना बांध से पानी निकासी के साथ ही 20 साल पुराने विवाद का भी आखिरकार अंत हो ही गया।
हमने कहा और हमने कर दिखाया- मंत्री बेढ़म
पानी छोड़ने से पहले बांध के पास ही हवन-पूजन का कार्यक्रम और जनसभा का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री बेढ़म ने कहा कि हमें कई लोगों ने कहा कि इतनी जल्दी पानी कैसे दोगे। 3 महीने तो कंपनियों को टेंडर देने में ही निकल जाते हैं। लेकिन हमने कर दिखाया और एक हफ्ते में पानी छोड़ दिया। बेढ़म ने ये भी कहा कि पांचना बांध को टूरिज़्म स्पॉट की तरह विकसित किया जाएगा। इसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
विवाद को देखते हुए कड़ी सुरक्षा का इंतजाम
पानी छोड़ने के दौरान कोई अनहोनी ना हो, जैसा कि गुर्जर समाज की तरफ से लगातार कहा जा रहा था उसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर और बांध पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। यहां तक कि खुद आईजी कैलाश बिश्नोई भी यहां मौजूद रहे। इनके अलावा SP लोकेश सोनवाल के साथ कलेक्टर अक्षय गोदारा भी साथ रहे।
गुर्जर समाज की तरफ से पांचना गुडला संघर्ष समिति अध्यक्ष अशोक धाबाई, भाजपा की करौली धौलपुर लोकसभा प्रत्याशी रही इन्दू देवी, पूर्व विधायक हिंडौन राजकुमारी मौजूद रहीं।
इस लिंक को शेयर करें

