पांचना बांध में तकनीकी खराबी के बाद सुबह 5 बजे नहरों में छोड़ा पानी, कल किसानों ने किया था चक्का जाम

Panchna Dam Water Released: राजस्थान के करौली स्थित एशिया के सबसे बड़े मिट्टी के बांध पांचना से मंगलवार सुबह 5 बजे नियमित रूप से पानी की निकासी पूरी तरह शुरू हो गई है। इससे पहले सोमवार को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और जवाहर सिंह बेढम की मौजूदगी में पांचना बांध के 3 गेट खोले गए थे लेकिन तकनीकी खराबी के चलते बांध के गेट खुद से ही बंद हो गए। इसके बाद पानी की निकासी बंद हो गई।
पानी की निकासी बंद होने से कमांड क्षेत्र के किसानों में अफवाह फैल गई कि गुर्जरों ने एक बार फिर पानी रोक दिया है। इसके बाद सवाई माधोपुर और करौली क्षेत्र के हजारों किसान सड़कों पर उतर आए। किसानों ने कुसाय, गाधौली, कैमला, कटकड़ मोड़ समेत हिंडौन-महावीरजी-नादौती मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों ने हाईवे पर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े कर दिए और प्रशासन से पानी खोलने की मांग करने लगे। हालांकि प्रशासन की समझाइश पर किसान माने और हाईवे देर शाम तक खाली कर दिया।
तकनीकी खराबी के बाद बंद हुआ गेट
उधर बांध का गेट बंद होने पर जल संसाधन विभाग की टीम और एनडीआरएफ के विशेष गोताखोरों की टीम ने पूरी रात मशक्कत करके सुबह तक गेट को सही कर दिया। मामले को लेकर जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार शर्मा ने बताया कि बांध के मुख्य गेट में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण इसको दूर करना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन पूरी टीम ने मंगलवार सुबह 5 बजे उसे ठीक कर दिया। अब निर्बाध रूप से पानी की सप्लाई कर दी गई है।
सीएम ने बनाई थी मंत्रियों की कमेटी
बता दें कि कुछ रोज पहले ही पांचना बांध के पानी को कमांड क्षेत्र और डूब क्षेत्र के किसानों में सहमति बनी थी। इससे पहले दोनों क्षेत्र के किसानों के बीच 2006 से इस मामले को लेकर विवाद चल रहा था। ऐसे में सीएम भजनलाल शर्मा ने इस मामले में 3 मंत्रियों की कमेटी गठित की थी। जिसके बाद दोनों पक्षों में पानी खोलने को लेकर सहमति बनी थी।
इस लिंक को शेयर करें

