स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ी साजिश नाकाम! पाकिस्तान से आई 10 किलो हेरोइन और ग्लॉक, जिगाना जैसे विदेशी हथियार पकडे

कुछ ही दिनों बाद स्वतंत्रता दिवस आने वाला है, और उसके पहले राजस्थान पुलिस ने बॉर्डर के पास से हेरोइन और हथियारों का जखीरा ज़ब्त किया है। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे खाजूवाला इलाके में पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन चलाकर करीब 10 किलो अफगान हेरोइन और विदेशी हथियारों की खेप पकड़ी है। हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, सीमा पार पाकिस्तान की तरफ से नशे और हथियारों की एक खेप ड्रोन के ज़रिये भारत में पहुँचाने की योजना थी। इस इनपुट के आधार पर बीकानेर पुलिस ने ऑपरेशन ‘शॉक वेव’ चलाया और लगातार आँखें टिकाए नज़र रख रही थी। जैसे ही आरोपी खेप को लेने मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे धर दबोचा।
खाजूवाला थाना के तहत चक 6 बीडी सड़क पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से स्मगल की हुई 10 किलो हेरोइन, 2 जिगाना, 4 ग्लॉक और 5 स्टार मार्क .30 बोर – कुल 11 विदेशी पिस्तौल, 22 मैगजीन, 100 कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई थी। आरोपी वीरेन्द्र इस माल को आगे सप्लाई करने की तैयारी में था। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले ही इस साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और सीमा पार चल रहे संपर्कों की जांच कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

