PM मोदी के 25 साल पूरे, राजस्थान कैबिनेट ने पारित किया अभिनंदन प्रस्ताव, CM भजनलाल ने गिनाईं उपलब्धियां

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे होने पर राजस्थान की भजनलाल सरकार ने उनका अभिनंदन किया है। बीते दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई मंत्रिमंडल और मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रधानमंत्री की 25 सालों की जनसेवा के लिए अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की संस्कृति को बढ़ावा दिया है। उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अनुभव और विजन का फायदा राजस्थान को भी मिल रहा है।
राजस्थान में बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान में 2,750 किलोमीटर से ज्यादा लंबाई के 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे विकसित किए जा रहे हैं। जयपुर में यातायात का दबाव कम करने के लिए 11,764 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रिंग रोड (उत्तर) परियोजना केंद्र सरकार के सहयोग से पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान 39.36 गीगावाट सौर ऊर्जा क्षमता के साथ देश में पहले स्थान पर है। वहीं, अक्षय ऊर्जा स्थापना में राज्य दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 5 लाख से ज्यादा पंजीकरण हुए हैं और 3.37 लाख रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं।
रोजगार, पानी और निवेश पर भी जोर
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में अब तक 1.93 लाख सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। 1.18 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि 70 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की दिशा में काम चल रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 410 से ज्यादा परीक्षाएं बिना पेपर लीक के पारदर्शिता के साथ कराई गई हैं। उन्होंने राम जल सेतु लिंक परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे 17 जिलों के 3 करोड़ से ज्यादा लोगों को पेयजल और करीब 4 लाख हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राइजिंग राजस्थान समिट में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रोजेक्ट धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास के जरिए राजस्थान को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

