निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे टिकट के दावेदार, सभी को लॉटरी का इंतजार, पढ़ें पूरी खबर

Rajasthan local body elections: राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज और शहरी स्वायत्त शासन विभाग लगातार तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। खबर है कि वार्डों और निकाय प्रमुखों के लिए लॉटरी अगले 4-5 दिन में निकलने की संभावना है। पार्षदों के लिए वार्डों के आरक्षण की लॉटरी जिला कलेक्टर स्तर पर निकाली जाएगी। जबकि महौपार, सभापति और चेयरमैन पदों के आरक्षण की लॉटरी स्वायत्त शासन विभाग की ओर निकाली जाएगी।
बता दें कि पूरे प्रदेश में 309 निकाय है जबकि इन निकायों में 10 हजार 245 वार्ड है। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होते ही चुनाव आयोग मतदान की तारीखों का ऐलान कर देगा। इस बीच अब दावेदारों में आपसी खींचतान बढ़नी शुरू हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस में टिकट के दावेदार बड़े-बड़े नेताओं के यहां चक्कर काटने शुरू कर चुके हैं।
दावेदार काट रहे चक्कर
बीजेपी सूत्रों की मानें तो इस बार ऐसे दावेदारों को मौका मिलेगा जो काफी समय से टिकट के इंतजार में है। पार्टी भी ऐसे ही दावेदारों को टिकट देने के मूड में है। ताकि सभी कार्यकर्ताओं को मौका मिल सके। इसके साथ ही पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ चुके या हारे हुए नेताओं को मौका नहीं देगी। एक वरिष्ठ नेता की मानें तो इस बार पार्टी पूरी तरह नए और युवा चेहरों पर दांव खेलना चाहती है।
लॉटरी के इंतजार में टिकट दावेदार
इसके अलावा लंबे समय से चुनाव की तैयारी में जुटे प्रत्याशियों की नजर लॉटरी प्रकिया पर टिकी है। अगर सामान्य वार्ड आवंटित हुआ तो दावेदार की नजर किसी और वार्ड पर आ जाएगी वहीं वार्ड के आरक्षित होने की स्थिति में दावेदार दूसरे वार्डों को विकल्प के तौर पर देख सकते हैं। बता दें कि प्रदेश के कुल 7 संभागों में 309 नगरीय निकाय और 10245 वार्ड हैं। इसमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद्, 19 द्वितीय श्रेणी नगरपालिकाएं, 58 तृतीय श्रेणी नगरपालिकाएं और 175 चतुर्थ श्रेणी की नगरपालिकाएं हैं। वहीं जयपुर संभाग में सबसे अधिक 91 निकाय और 2970 वार्ड हैं।
इस लिंक को शेयर करें

