राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: चार चरणों में होगा मतदान, 23 अक्टूबर से शुरू होगी वोटिंग, जानें पूरा शेड्यूल

राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने 3 अक्टूबर को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही ग्रामीण राजस्थान में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इस बार चुनाव 4 चरणों में होंगे। करीब 4.03 करोड़ मतदाता पंचायती राज संस्थाओं के लिए अपने प्रतिनिधि चुनेंगे।
25 अक्टूबर से शुरू होगा पंच-सरपंच का चुनाव
आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक पंच और सरपंच के चुनाव 4 चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 25 अक्टूबर, दूसरे चरण का 31 अक्टूबर, तीसरे चरण का 6 नवंबर और चौथे चरण का मतदान 16 नवंबर 2026 को होगा। इन चुनावों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान इससे पहले चार चरणों में होगा। इनका मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को कराया जाएगा। इनके नतीजे 20 नवंबर को आएंगे। इन पदों के चुनाव में EVM का इस्तेमाल होगा, जबकि पंच और सरपंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे।
नामांकन कब से?
पंचायती राज चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। आयोग के मुताबिक करीब 1.69 लाख से ज्यादा पंचायती राज प्रतिनिधियों का चुनाव कराया जाएगा। प्रदेश में 41 जिला परिषद, 457 पंचायत समितियां और 14,403 ग्राम पंचायतें चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
प्रमुख और प्रधान का चुनाव 25 नवंबर को
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव होंगे। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर को होगा और पंचायती राज संस्थाओं की पूरी चुनावी प्रक्रिया 28 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
खास बात ये है कि इस बार पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण लागू है। 41 जिला प्रमुख पदों में 20 पद महिलाओं के लिए और 457 प्रधान पदों में 221 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
चुनाव के लिए बड़ी संख्या में कार्मिकों की जरूरत होगी। स्थानांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। राजस्थान पंचायती राज के अनुसार राज्य कर्मचारी चुनाव आयोग काम ले सकते हैं।
15 नंवबर से पहले चुनाव क्यों नहीं?
हाईकोर्ट के 15 नवंबर की समयसीमा के सवाल पर राजेश्वर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को भी विश्राम की जरूरत होगी। ऊपर से त्यौहार पड़ रहे हैं बैक टू बैक। दिवाली के पहले पंचायत चुनाव के 3 चरण पूरे हो जाएंगे। दिवाली के बात 16 नवंबर को आखिरी चरण होगा।
इस लिंक को शेयर करें

