SOG का बड़ा एक्शन: डमी कैंडिडेट से परीक्षा देकर बना पटवारी, SOG टीम ने किया गिरफ्तार

Rajasthan Dummy Candidate arrested: राजस्थान की SOG टीम ने डमी कैंडिडेट्स के फर्जीवाड़े में कार्रवाई करते हुए एक और फर्जी अभ्यर्थी से नौकरी पर लगे कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार ने पटवारी भर्ती परीक्षा 2021 में डमी कैंडिडेट से परीक्षा दिलवाई थी और पटवारी बनकर सिरोही जिले में नौकरी भी पा ली थी। वर्त्तमान में आरोपी पद से निलंबित चल रहा था।
फोटो बदलकर दिया एग्जाम
SOG के ADG विशाल बंसल ने बताया कि उन्हें सूत्रों से डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा देने वाले व्यक्ति की खबर मिली थी। इनपुट के आधार पर टीम ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। जाँच में सामने आया कि जालौर निवासी दिनेश कुमार ने 2021 में पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी कैंडिडेट से परीक्षा दिलवाई थी। इसके लिए परीक्षा के एडमिट कार्ड पर नकली फोटो लगाई गयी थी और जाली सिग्नेचर भी किये थे।
5 लाख में बैठा था नकली अभ्यर्थी
तहकीकात में सामने आया कि नकली अभ्यर्थी बिठाने के लिए एक दलाल के माध्यम से डील पक्की हुई थी और इसके लिए कुल 5 लाख रुपये दिनेश ने दिए थे। आरोपी परीक्षा में पास हो गया और सिरोही जिले की पिण्डवाडा तहसील के एक अनुभाग में उसे पटवारी के पद पर नियुक्ति मिल गयी। लेकिन कुछ समय पहले कुछ कारणों के चलते दिनेश को निलंबित कर दिया गया था।
मामले में एसओजी ने आरोपी सहित दलाल चौथाराम विश्नोई और डमी कैंडिडेट विक्रम विश्नोई को भी पकड़ा है। जाँच दल आरोपी से पूछताछ कर रही है और फर्जी अभ्यर्थियों के ग्रुप से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

