राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव पर बवाल! पानी की टंकी पर चढ़कर छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव का मुद्दा सरकार के लिए गले की फांस बनता जा रहा है। पिछले तीन सालों से छात्रसंघ के चुनाव नहीं होने की वजह से छात्र बेसब्र होते जा रहे हैं। इसी आक्रोश के चलते जयपुर में गुरुवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी के दो छात्र और एक छात्रा टोंक फाटक के पास एक पानी की टंकी पर चढ़ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध किया और केंद्र सरकार व गृहमंत्री अमित शाह से माफी की मांग की है।
यूनिवर्सिटी में चल रहे प्रदर्शन
इतना ही नहीं, पिछले 16 दिनों से राजस्थान विश्वविद्यालय के परिसर में छात्र चुनाव की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं और छात्र नेता शुभम रेवाड़ का आठ दिनों से अनशन जारी है। इसी के असर से दूसरे कॉलेजों में भी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। छात्रों का कहना है कि निकाय चुनाव हो सकते हैं तो छात्रसंघ चुनाव क्यों नहीं।
इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान राजस्थान विश्वविद्यालय के NSUI प्रभारी विजयपाल कुड़ी, कोशेन खान और छात्र नेत्री वियोना जाट टंकी पर चढ़ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने राजस्थान में छात्रसंघ के चुनाव करवाने और जंतर मंतर पर छात्रों के ऊपर लाठीचार्ज के विरोध में अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है। हालाँकि, मौके पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम पहुँच गई है और उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा के तौर पर नीचे जाल भी बाँध दिया गया है।
चुनाव नहीं, फिर भी वसूल रहे छात्रसंघ शुल्क
छात्र संगठन ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी में तीन साल से चुनाव नहीं हुए हैं। इसके बावजूद एडमिशन के वक़्त बच्चों से 50 से 100 रुपये छात्रसंघ शुल्क वसूला जा रहा है। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि यह छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है। एबीवीपी ने भी चुनाव जल्द कराने की मांग दोहराई है।
साथ ही, छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर छात्रसंघ चुनाव पर जल्द फैसला नहीं आया, तो प्रदर्शन और भी बड़ा रूप ले लेगा।
इस लिंक को शेयर करें

