राजस्थान यूनिवर्सिटी में ABVP का प्रदर्शन, ‘अराजकता हटाओ, संविधान अपनाओ’ के लगाए नारे

ABVP Protest in Rajasthan University: राजस्थान यूनिवर्सिटी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने ‘अराजकता हटाओ, संविधान अपनाओ’ के नारे के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली विचारधाराओं का विरोध किया। परिषद ने विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन, राष्ट्रहित और संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा देने की बात कही।
राष्ट्रविरोधी विचारधारा के खिलाफ ABVP का प्रदर्शन
ABVP की राजस्थान यूनिवर्सिटी इकाई के इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इसके साथ संविधान की मर्यादा और देश की एकता का ध्यान रखना भी जरूरी है।
परिषद ने दिल्ली में कथित तौर पर अराजकता फैलाने और देश की सामाजिक व संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली विचारधाराओं का विरोध किया। ABVP का कहना है कि देश में अस्थिरता पैदा करने की सोच रखने वाले लोगों और विचारों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए।
‘भारत की तुलना बांग्लादेश और नेपाल से करना गलत’
प्रदर्शन के दौरान भारत की परिस्थितियों की तुलना बांग्लादेश और नेपाल से किए जाने पर भी सवाल उठाए गए। परिषद का कहना है कि विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और संविधान के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होनी चाहिए।
ABVP के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र सिंह निर्वाण ने कहा कि परिषद हमेशा देशहित, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के लिए काम करती रही है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने वाली किसी भी विचारधारा का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
विश्वविद्यालयों में अनुशासन और संवाद पर जोर
शुभेंद्र सिंह निर्वाण ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, संवाद और राष्ट्रनिर्माण के केंद्र हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय परिसरों में अराजकता के बजाय अनुशासन, वैचारिक स्पष्टता और संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और भारत की एकता, अखंडता व गौरव को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की। ABVP ने कहा कि संगठन आगे भी विद्यार्थियों के हितों, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा।
इस लिंक को शेयर करें

