राजस्थान में कल से फिर थम जाएगा बारिश का दौर, आज 24 जिलों में अलर्ट, पढ़े IMD का वेदर अपडेट

Rajasthan Weather Update: राजस्थान समेत पूरे देश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। कश्मीर, केरल, गुजरात और असम में बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है। इधर राजस्थान को लेकर आज मौसम विभाग ने 24 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं जालोर, पाली और सिरोही में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं जयपुर और भरतपुर में हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग में मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में पाली, नागौर, जालोर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, बारां, पाली, अजमेर, माउंट आबू में एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हल्की बारिश हुई। आईएमडी की मानें तो प्रदेश में 3 अगस्त से एक बार फिर बारिश का दौर थम जाएगा। इसके अलावा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो मानसून की ट्रफ लाइन 3-4 अगस्त को उत्तर भारत की ओर जा सकती है। जिससे उत्तर भारत में अच्छी बारिश होगी।
फलोदी रहा सबसे गर्म
वहीं राजस्थान में शनिवार को फलोदी जिला सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि जैसलमेर में 38.7 डिग्री, श्रीगंगानगर में 36.7 डिग्री, चूरू में 36.6 डिग्री और बाड़मेर में 37.8 डिग्री पारा दर्ज किया गया। प्रदेश के सभी जिलों में अब तापमान 40 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है लेकिन उमस का असर भी देखा जा सकता है। सुबह से ही कई जिलों में उमस के कारण लोग बेहाल दिखे।
जयपुर में कई जगहों पर हुई बारिश
बात करें राजधानी जयपुर की तो शनिवार को मौसम उतार-चढ़ाव भरा रहा। दोपहर में राजधानी के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। जेएलएन मार्ग पर सबसे अधिक 6 मिमी. बारिश हुई। इसके अलावा कालवाड़, दूदू, फुलेरा, जोबनेर में भी झमाझम बारिश हुई। वहीं अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं सूर्यनगरी जोधपुर में शनिवार को तेज गर्मी रही। यहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
इस लिंक को शेयर करें

