Rajasthan Weather Update: राजस्थान के 23 जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट, रातों-रात 8 डिग्री तक लुढ़क गया पारा

Jaipur Weather: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीती शुक्रवार शाम से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हुआ, जिससे तापमान में (Rajasthan Weather Update) 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और जयपुर सहित कई जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने 13 जून के लिए 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के चलते राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक आंधी, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
श्रीगंगानगर-बीकानेर में ओलावृष्टि, गर्मी से मिली राहत
शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरे। श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। कई जगहों पर तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली।
जयपुर में भी शाम के समय तेज हवाएं चलने के बाद मौसम सुहावना हो गया। शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बीती आधी रात को बारिश शुरू हुई जो लगभग एक घंटे तक चली। जिसके बाद सुबह फिर साढे 6 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ और जमकर बादल बरसे, इससे मौसम सुहावना हुआ और लोगों को भीषण उमस वाली गर्मी से राहत मिली है।
16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 13 जून को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर झोंकों की गति इससे ज्यादा भी हो सकती है। अजमेर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, बीकानेर, चूरू और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ीं
बारिश और आंधी के बीच बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रदेश के कुछ जिलों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
पश्चिमी राजस्थान में अभी भी हीटवेव का खतरा
हालांकि बारिश ने कई इलाकों को राहत दी है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। IMD के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर गर्म हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है, वहीं धूलभरी आंधी और बिजली चमकने की गतिविधियां भी जारी रह सकती हैं।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 17 जून तक राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां एक्टिव रहेंगी। पूर्वी राजस्थान में बारिश और आंधी का असर ज्यादा रहेगा, जबकि पश्चिमी जिलों में कुछ जगहों पर भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। तापमान में 2 से 4 डिग्री की और गिरावट दर्ज हो सकती है।
किसानों और आमजन के लिए सलाह
आंधी-बारिश, बिजली कड़कने के इस दौर में आप घरों के भीतर ही रहें। खेतों में काम कर रहे किसान सुरक्षित जगहों पर जाएं, भूलकर भी पेड़ों के नीचे ना जाएं।
ये भी पढ़ें- अश्विनी वैष्णव की PC के वक्त बीजेपी कार्यालय की बत्ती गुल होने की होगी अब जांच, खुद ऊर्जा मंत्री जताई नाराजगी
इस लिंक को शेयर करें

