Rajasthan Weather Update: प्रदेश के 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Jaipur Weather: राजस्थान में पिछले 3 दिनों से लगातार मौसम बदल रहा है। अब IMD यानी मौसम विभाग ने 16 जून को राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। जयपुर, अजमेर, भरतपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के कारण राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और धूलभरी आंधी का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में गर्मी से सुकून
IMD की जिला स्तरीय चेतावनी के अनुसार जयपुर, अजमेर और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। राज्य के कई हिस्सों में बिजली गिरने और धूलभरी आंधी की आशंका भी जताई गई है।
चूरू में धूलभरी आंधी से बिगड़े हालात
बीते सोमवार को चूरू जिले में तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे विजिबिलिटी लगभग जीरो हो गई और यातायात प्रभावित हुआ। कई जगह वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रह सकती हैं। बारिश और तेज हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
इस लिंक को शेयर करें

