राजस्थान पंचायत चुनाव को लेकर RLP की तैयारी तेज, 17 जिलों में प्रभारी नियुक्त, कनिका और नारायण बेनीवाल को भी जिम्मेदारी

जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने पंचायत चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए 17 जिलों में जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी की तरफ से जारी सूची में नागौर सांसद और RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल के परिवार के दो प्रमुख सदस्यों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
RLP के जारी आदेश के मुताबिक जिला प्रभारी अपने-अपने जिलों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें वार्डवार संगठन की समीक्षा, चुनाव संबंधी गतिविधियों का संचालन और स्थानीय स्तर पर पार्टी की तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी शामिल है। सभी प्रभारियों को अपनी बैठकों और गतिविधियों की रिपोर्ट प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति को देनी होगी।
कनिका बेनीवाल को नागौर की जिम्मेदारी
RLP की सूची में कनिका बेनीवाल को नागौर जिले का प्रभारी बनाया गया है। कनिका बेनीवाल इससे पहले खींवसर विधानसभा उपचुनाव में RLP की प्रत्याशी भी रह चुकी हैं। निर्वाचन आयोग के रिकॉर्ड में उनका नाम RLP प्रत्याशी के तौर पर दर्ज है।
नागौर RLP का प्रमुख राजनीतिक आधार रहा है। हालिया निकाय चुनावों में भी पार्टी ने नागौर में सबसे ज्यादा 28 वार्ड जीते। इसके अलावा RLP ने 14 जिलों में कुल 63 वार्डों पर जीत दर्ज की।
नारायण बेनीवाल को दो जिलों की जिम्मेदारी
पार्टी ने नारायण बेनीवाल को बाड़मेर और बालोतरा का जिला प्रभारी बनाया है। नारायण बेनीवाल खींवसर से पूर्व विधायक रह चुके हैं और RLP के संगठन में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पहले निकाय चुनावों की तैयारी के लिए बनाई गई प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति में भी नारायण बेनीवाल को सदस्य बनाया गया था।
इन जिलों में भी नियुक्त किए प्रभारी
पार्टी की जारी सूची में दिखाई दे रही नियुक्तियों के मुताबिक डीडवाना-कुचामन, नागौर, ब्यावर, टोंक, बीकानेर, चूरू, जयपुर, सीकर, जोधपुर, बाड़मेर, बालोतरा, पाली और फलोदी के लिए जिला प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें जोधपुर और फलोदी की जिम्मेदारी दिलीप चौधरी, जबकि बाड़मेर और बालोतरा की जिम्मेदारी नारायण बेनीवाल को दी गई है। ब्यावर में पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी को प्रभारी बनाया गया है।
RLP ने इससे पहले नगर निकाय चुनावों के लिए भी प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति गठित की थी और पंचायत चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने की बात कही थी। निकाय चुनाव परिणामों के बाद हनुमान बेनीवाल ने भी कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव के लिए तैयारी करने का आह्वान किया था।
पंचायत चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की कवायद
RLP का ये कदम ऐसे समय में आया है जब राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में पंचायत चुनावों के लिए 41 जिला परिषदों और 457 पंचायत समितियों की चुनावी संरचना पहले ही सामने आ चुकी है। ऐसे में RLP का फोकस अब शहरी निकाय चुनाव के बाद ग्रामीण इलाकों में संगठन को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर चुनावी नेटवर्क तैयार करने पर दिखाई दे रहा है।
इस लिंक को शेयर करें

