सिर्फ खुद के करियर नहीं बल्कि ‘कंट्री इज माय करियर’ की भावना से सोचें युवा- RSS क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर अवसर पर झुंझुनूं में "एक दौड़ राष्ट्र के नाम" से युवा मैराथन का आयोजन किया गया। ये मैराथन शहीद स्मारक से सेठ मोतीलाल कॉलेज खेल स्टेडियम तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भगवा टी-शर्ट पहने युवाओं ने भाग लिया। इसमें RSS के राजस्थान क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम, जिला संघ चालक मानसिंह, नगर संघ चालक अनूप गाडिया, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज तथा जयपुर प्रांत सह-प्रचारक विशाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
'समाज में अशांति और अराजकता का वातावरण बने तो विकास रुकता है'
क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम ने कहा कि भारत का युवा राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत है और उसे व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्र निर्माण को भी अपना लक्ष्य बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समाज में अशांति और अराजकता का वातावरण बनता है तो विकास की गति प्रभावित होती है। समाज का संगठित, संस्कारित और शक्तिशाली होना समय की जरूरत है।
निंबाराम ने आगे कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ अथवा विदेशी षड्यंत्रों के प्रभाव में समाज को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं, जिससे राष्ट्रीय और सामाजिक सुरक्षा प्रभावित होती है। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि केवल व्यक्तिगत करियर ही नहीं, बल्कि "कंट्री इज माय करियर" की भावना भी विकसित होनी चाहिए।
'RSS को रोकने के कई प्रयास हुए'
संघ के विरोध का जिक्र करते हुए निम्बाराम ने कहा कि पिछले 101 सालों में संगठन को रोकने और समाप्त करने के अनेक प्रयास हुए। उन्होंने दावा किया कि संघ के बारे में "चार फीट जमीन में गाड़ देंगे" और "भगवा नहीं फहराने देंगे" जैसे बयान दिए गए थे, लेकिन समय के साथ ऐसे दावे करने वाले पीछे छूट गए, जबकि संघ आज देशभर में एक लाख से अधिक स्थानों पर शाखाओं और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति से प्रेरित अच्छे नागरिक तैयार करना है।
उन्होंने देश के सामने जनसंख्या असंतुलन, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और सामाजिक विघटन जैसी चुनौतियों का भी उल्लेख किया तथा कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य करना होगा। उनके अनुसार राष्ट्र निर्माण का अर्थ केवल भौतिक विकास नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव, नागरिक कर्तव्यों के पालन, स्वदेशी सोच और श्रेष्ठ आचरण से भी है।
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज ने कहा कि युवा मैराथन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा भावना और चरित्र निर्माण के संस्कार विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही राष्ट्र की प्रभावी सेवा कर सकते हैं।
इस लिंक को शेयर करें

