जोधपुर में RSS के 'मरु निनाद 2026' शिविर का समापन, मोहन भागवत बोले- संस्कारित समाज से ही बनेगा महान देश

Mohan Bhagwat in Jodhpur: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के चार दिवसीय प्रांत घोष शिविर 'मरु निनाद 2026' का बीते रविवार को भव्य समापन हुआ। जोधपुर के लूणी स्थित शिकारपुरा के श्री राजाराम आश्रम परिसर में आयोजित समापन समारोह में RSS के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शामिल हुए। इस दौरान हजारों स्वयंसेवकों ने घोष वादन की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि संस्कारित समाज से ही देश महान बनेगा। संगीत समाज में संस्कार और स्वाभिमान का भाव जगाने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगीत केवल महफिलों के लिए नहीं, बल्कि रणभूमि में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश की अपनी रण संगीत परंपरा रही है और इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है।
घोष वादन के पीछे छिपा है अनुशासन और संस्कार
डॉ. भागवत ने कहा कि अभी लोगों ने घोष वादन देखा, लेकिन इसके पीछे संस्कार और अनुशासन की लंबी साधना है। घोष वादन सबको साथ लेकर चलने का रास्ता दिखाता है। संघ में व्यक्तिगत वादन की जगह सभी मिलकर वादन करते हैं। इससे लोगों के मन आपस में जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि एक जगह एकत्रित होना, साथ रहना और मिलकर कुछ अच्छा करना ही संघ की कार्यपद्धति है। भारतीय संगीत में रण संगीत की भी अपनी अलग पहचान है। भगवद्गीता में भी शंखनाद और रण संगीत का उल्लेख मिलता है।
नशे से दूर रहने और समाज के काम आने का संदेश
अपने संबोधन में सरसंघचालक ने नशे से दूर रहने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के नशों से दूर रहने वाला व्यक्ति ही प्रसन्न रहता है। संस्कारवान व्यक्ति ही देश के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर सकता है। जो व्यक्ति दूसरों के सुख-दुख में काम आता है, वही समाज को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने यह भी कहा कि सुंदर गीत और संगीत के माध्यम से वातावरण बनता है और लोगों के भीतर अच्छे भाव पैदा होते हैं।
हजारों स्वयंसेवकों ने दी घोष वादन की प्रस्तुति
समापन समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद शिविर में प्रशिक्षण लेने वाले हजारों स्वयंसेवकों ने अलग-अलग समूहों में घोष वादन की प्रस्तुतियां दीं। अनुशासित अंदाज में दी गई इन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। जोधपुर के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने शिविर का प्रतिवेदन पेश किया और मंच पर मौजूद अतिथियों का परिचय कराया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि महेशाराम मेघवाल ने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। वहीं मेजर जनरल अर्जुन सिंह राठौड़ ने स्वयंसेवकों के घोष वादन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों ने निस्वार्थ भाव से ऐसा प्रदर्शन किया, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने इस प्रस्तुति को एक प्रशिक्षित सैन्य टुकड़ी के घोष वादन जैसा बताया।
कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद्र, अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख जगदीश चंद्र, सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक, सीमा जागरण के संयोजक मुरलीधर, सह संयोजक निंब सिंह, लघु उद्योग के संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र और सक्षम के राष्ट्रीय सचिव चंद्रशेखर सहित संघ के कई क्षेत्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में डॉ. मोहन भागवत ने सभी को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और चार दिवसीय 'मरु निनाद 2026' घोष शिविर के समापन की घोषणा की।
इस लिंक को शेयर करें

