होम/rajasthan/sikar-rss-centenary-general-knowledge-competition-students

सीकर में हुई RSS की शताब्दी यात्रा से जुड़ी परीक्षा, 1 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

सीकर में हुई RSS की शताब्दी यात्रा से जुड़ी परीक्षा, 1 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
राजस्थान
09 Aug 2026, 10:13 pm
रिपोर्टर : Dushyant

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी यात्रा से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से डॉ. हेडगेवार स्मृति सेवा प्रन्यास, सीकर की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। ब्लॉक स्तर पर हुई परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के 798 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,01,799 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।

प्रतियोगिता में भारतीय इतिहास, संस्कृति, राष्ट्रजीवन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा से जुड़े विषयों को शामिल किया गया। इसके अलावा संत रविदास की 650वीं जयंती, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष, गुरु तेग बहादुर के बलिदान के 350वें वर्ष और डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान से संबंधित प्रश्न भी पाठ्यक्रम का हिस्सा रहे।

परीक्षा में भगवान महावीर, भगवान देवनारायण, महाराजा सूरजमल और महाराणा प्रताप सहित विभिन्न महापुरुषों के जीवन एवं योगदान से जुड़े विषयों पर भी विद्यार्थियों की जानकारी परखी गई। साथ ही संघ के पंच परिवर्तन के अंतर्गत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों को भी शामिल किया गया।

प्रन्यास के सचिव राधाकिशन चोबदार के अनुसार, 29 जून से 25 जुलाई तक पंजीकरण प्रक्रिया चली थी। ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक ब्लॉक से पांच विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों की जिला स्तरीय परीक्षा 23 अगस्त को होगी। इसके बाद उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.