सूरतगढ़ में भीषण सड़क हादसा, एंबुलेंस और सेना के ट्रक की टक्कर, 3 लोगों की मौत

श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर जाम लग गया। हादसा नेशनल हाईवे 62 पर केंचियां कस्बे के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार एक प्राइवेट एंबुलेंस ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान सामने से आ रहे सेना के ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में गंगानगर की अंबिका सिटी निवासी लक्ष्मी देवी 26, सतनाम सिंह 26 पुत्र जसवंत सिंह और महेंद्र कौर 56 पत्नी किशन की मौत हो गई। वहीं रामप्रकाश और राजवीर घायल हो गए। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
एंबुलेंस में फंस गए थे शव
घटना की सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भिजवाया। वहीं हादसे को लेकर परिजनों को सूचना दी गई। उनके आने के बाद उनकी उपस्थिति में मृतकों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। वहीं इस हादसे में सेना का ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस लिंक को शेयर करें

