होम/rajasthan/tonk-medical-college-construction-delay-penalty-demand

Tonk: टोंक मेडिकल कॉलेज निर्माण में बड़ी लापरवाही! 41 महीने में आधा काम भी नहीं

Tonk: टोंक मेडिकल कॉलेज निर्माण में बड़ी लापरवाही! 41 महीने में आधा काम भी नहीं
राजस्थान
24 Nov 2026, 05:28 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Jaipur: राजस्थान में सरकारी निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार मामला टोंक के राजकीय मेडिकल कॉलेज फेज-1 के निर्माण से जुड़ा है। करीब 97.87 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में 41 महीने बीत जाने के बावजूद आधा काम भी पूरा नहीं हो पाया है। जबकि अनुबंध के मुताबिक निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा होना था। मामले को लेकर RTI कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पाठक ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर ठेकेदार पर करीब 9.78 करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

97.87 करोड़ का टेंडर, 41 महीने में सिर्फ 47.64 करोड़ का काम

शिकायत के मुताबिक....राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट और कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (RSRDC) लिमिटेड की तरफ से राजकीय मेडिकल कॉलेज फेज-1 टोंक के निर्माण का कार्य मैसर्स रमेश कुमार बंसल, श्रीगंगानगर को सौंपा गया था। इसके लिए 21 मई 2023 को 97,87,54,468 रुपये का कार्यादेश जारी किया गया था। कार्य शुरू करने की तारीख 9 जून 2023 तय की गई थी, जबकि निर्माण कार्य पूरा करने की अंतिम समयसीमा 8 दिसंबर 2024 निर्धारित थी। यानी ठेकेदार को पूरा प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए महज 18 महीने का समय दिया गया था।

लेकिन शिकायत में उपलब्ध कराए गए रिकॉर्ड के मुताबिक, 41 महीने बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है। 97.87 करोड़ रुपये के कुल कार्यादेश में से महज 47,64,04,235 रुपये का ही काम हुआ है। यानी कुल परियोजना का लगभग 48.7 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि निर्धारित समयसीमा से करीब 23 महीने बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ और इसकी जवाबदेही किसकी है?

ठेकेदार पर 9.78 करोड़ की पेनल्टी क्यों नहीं?

इस मामले में सबसे गंभीर सवाल अनुबंध की शर्तों को लेकर उठाया गया है। शिकायतकर्ता अशोक पाठक का आरोप है कि अनुबंध के मुताबिक निर्धारित समय में काम पूरा नहीं करने पर ठेकेदार पर कार्यादेश की राशि का 10 प्रतिशत यानी 9,78,75,446 रुपये की पेनल्टी लगाई जानी चाहिए थी। लेकिन आरोप है कि समयसीमा खत्म होने और निर्माण कार्य में लगातार देरी के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने ठेकेदार से ये राशि वसूलने की कार्रवाई नहीं की।

शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब ठेकेदार निर्धारित समय में काम पूरा नहीं कर पाया, तो उसके खिलाफ अनुबंध के प्रावधानों के मुताबिक कार्रवाई क्यों नहीं की गई....क्या ठेकेदार को किसी तरह का संरक्षण दिया जा रहा है?

130 दिन तक काम बंद, 20 बार नोटिस देने का दावा

शिकायत में निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर विभागीय रिकॉर्ड का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि ठेकेदार ने लगातार करीब 130 दिन तक काम बंद रखा।

इतना ही नहीं, निर्माण कार्य में देरी, धीमी प्रगति और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को लेकर 7 अक्टूबर 2023 से 19 मई 2026 तक करीब 20 बार नोटिस जारी किए जाने का भी जिक्र किया गया है।

इसके बावजूद निर्माण कार्य की गति में अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप है। ऐसे में सवाल यह है कि बार-बार नोटिस जारी करने के बाद भी विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की?

अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल, जांच की मांग

RTI कार्यकर्ता अशोक पाठक ने अपनी शिकायत में परियोजना से जुड़े तत्कालीन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में परियोजना निदेशक राजकुमार राजोरिया, लोकेश गुप्ता, गोविंदराम विश्नोई, परियोजना अधिकारी अभिषेक भारद्वाज, मोहित व्यास, अशुतोष गुप्ता और माया मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगातार देरी और नोटिस जारी होने के बावजूद ठेकेदार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मुख्यमंत्री से चार बड़ी मांगें

अशोक पाठक ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में 4 प्रमुख मांगें रखी हैं।

1. निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति का आकलन कर बाकी काम किसी दूसरे सक्षम एजेंसी से तत्काल पूरा कराया जाए।

2. ठेकेदार से अनुबंध के मुताबिक 10 प्रतिशत पेनल्टी की 9,78,75,446 रुपये की राशि वसूलकर राजकोष में जमा कराई जाए।

3. निर्माण कार्य की गुणवत्ता, वित्तीय भुगतान और वास्तविक प्रगति की उच्चस्तरीय तकनीकी और वित्तीय जांच कराई जाए।

4. ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाने और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

मेडिकल कॉलेज में देरी, मरीजों को सुविधाओं का इंतजार

राजकीय मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य टोंक और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य का सालों तक अधूरा रहना जनहित से जुड़ा गंभीर मामला है।

अब सवाल है कि आखिर 18 महीने में पूरा होने वाला प्रोजेक्ट 41 महीने बाद भी अधूरा क्यों है? ठेकेदार पर प्रस्तावित पेनल्टी की कार्रवाई क्यों नहीं हुई? और बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए क्या कदम उठाए? फिलहाल अशोक पाठक ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.