दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की घर में ही हत्या, दुष्कर्म की आशंका; नौकर पर शक, पहले भी राजस्थान में कर चुका है दुष्कर्म

IRS Officer Daughter Murder Delhi: राजधानी दिल्ली में एक IRS अधिकारी के घर में ही उसकी 22 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है, हालांकि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। साथ ही, पुलिस ने हत्या के पीछे घर के पुराने नौकर राहुल मीणा पर भी गहरा शक जताया है। इसकी वजह ये है कि जाँच में नौकर राहुल का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उस पर पहले भी राजस्थान में अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पीड़िता घर में अकेली थी। जब माता-पिता वापस घर लौटे, तो घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, घर में जबरन घुसने और हाथापाई व ज़बरदस्ती के संकेत मिले हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात वाले दिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में राहुल मीणा को घर के आसपास टहलते हुए फुटेज दर्ज है। राहुल को यह भी अच्छे से मालूम था कि IRS अधिकारी और उनकी पत्नी सुबह 6 बजे जिम जाते हैं। पुलिस ने शक जताया है कि राहुल ही सुबह उनके जाने के बाद घर में घुसा और युवती को अकेला पाकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले को दुष्कर्म और हत्या की तरह देख रही है।
युवती के परिवारजनों ने बताया कि राहुल पहले घर में नौकर का काम करता था, लेकिन फिर घरेलू सामान के हिसाब में हेरफेर करने के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया था, जिसके चलते वह मन में दुश्मनी लिए बैठा था। पुलिस जाँच में ये तथ्य भी सामने आया कि राहुल के खिलाफ पहले भी राजस्थान में दो साथियों के साथ मिलकर एक महिला का बलात्कार करने का मामला दर्ज है। तभी से वह पुलिस से बचता फिर रहा था।
इस लिंक को शेयर करें

