राहुल गांधी के राजस्थान आने से क्या हुआ? गहलोत की गैरमौजूदगी और पायलट की सक्रियता ने बढ़ाई हलचल

Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बीते दिन पुष्कर आए थे। यहां पर कांग्रेस का संयुक्त प्रशिक्षण शिविर का अंतिम दिन था। यहां पर राहुल गांधी शामिल हुए थे। यहां पर उन्होंने जिलाध्यक्षों, पदाधिकारियों से संवाद किया और पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। हालांकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साफ संकेत दिए हैं कि 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस किसी एक चेहरे के बजाय संगठन, सामूहिक नेतृत्व और जमीनी कार्यकर्ताओं के दम पर लड़ाई लड़ना चाहती है।
व्यक्ति नहीं, संगठन सबसे ऊपर
शिविर में राहुल गांधी ने नेताओं से मुलाकात कर एक बात पर जोर दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता में वापसी हो सकती है। बस इसका रास्ता मजबूत संगठन से होकर गुजरता है, ना कि किसी एक बड़े नेता के सहारे। सियासी जानकार इसका संकेत अशोक गहलोत और सचिन पायलट से जोड़कर देख रहे हैं।
शिविर के दौरान राहुल गांधी ने एक प्रतीकात्मक नाटक के जरिए नेताओं को संदेश दिया कि टिकट वितरण में चापलूसी, नेताओं के आगे-पीछे घूमना, गुटबाजी की राजनीति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि टिकट पाने के लिए नेताओं के आगे-पीछे घूमने की संस्कृति पार्टी को कमजोर करती है और इसे खत्म करना जरूरी है। राहुल ने जिला अध्यक्षों को जमीन पर काम करने और जनता के बीच मजबूत मौजूदगी बनाने की सलाह दी है।
डोटासरा-जूली की तारीफ के भी निकाले जा रहे कई मायने
राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली (Tikaram Jully)की सबके सामने तारीफ की थी। राहुल गांधी ने कहा था आप दोनों बहुत अच्छा कर रहे हो, आप दूसरे राज्यों में उदाहऱण बन रहे हो। सियासी जानकार अब इसे सिर्फ तारीफ नहीं, बल्कि संगठन में तालमेल और टीमवर्क का मॉडल बताने वाला संदेश मान रहे हैं। इससे ये भी संकेत मिला कि फिलहाल प्रदेश संगठन की कमान डोटासरा के हाथों में ही बनी रह सकती है और नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी भी टीकाराम जूली के पास ही रहने वाली है।
गहलोत-पायलट राजनीति से आगे बढ़ने की कोशिश
गौरतलब है कि राजस्थान कांग्रेस की राजनीति लंबे समय तक पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot)और कांग्रेस नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) के इर्द-गिर्द घूमती रही है। लेकिन इस बार राहुल गांधी ने ना तो किसी नए चेहरे को आगे बढ़ाने का संकेत दिया और ना ही नेतृत्व विवाद को हवा दी। इसके बजाय पूरा फोकस संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और सामूहिक नेतृत्व पर रहा।
गहलोत की गैरमौजूदगी और पायलट की सक्रियता चर्चा में
शिविर में अशोक गहलोत की गैरमौजूदगी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही। अशोक गहलोत किशनगढ़ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के वेलकम में तो शामिल थे। उन्होंने राहुल गांधी का स्वागत भी किया लेकिन वे वहीं से जयपुर लौट गए थे। वहीं सचिन पायलट पूरे कार्यक्रम में सक्रिय दिखाई दिए और राहुल गांधी के साथ संगठन और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करते नजर आए। ऐसे में सचिन पायलट को लेकर अब कई चर्चाएं सियासी हलकों में शुरू हो गई है।
क्या है सबसे बड़ा राजनीतिक संकेत?
पुष्कर शिविर से निकला सबसे बड़ा संदेश यह है कि राजस्थान कांग्रेस अब "व्यक्ति आधारित राजनीति" से आगे बढ़कर "संगठन आधारित राजनीति" की ओर बढ़ना चाहती है। राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया कि भविष्य में पद और टिकट जमीनी काम, संगठनात्मक क्षमता और जनता के बीच स्वीकार्यता के आधार पर तय होंगे, न कि किसी नेता की नजदीकी या गुटबाजी के आधार पर।
इस लिंक को शेयर करें

