राजस्थान में शिक्षकों का बड़ा ऐलान! अब सरकार के खिलाफ होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

Rajasthan government teachers protest: राजस्थान के सरकारी शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में 14 मई से प्रदेशभर में चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन शुरू होंगे। शिक्षकों का आरोप है कि लंबे समय से समस्याओं को लेकर सरकार और शिक्षा विभाग को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
शिक्षक संगठनों के अनुसार सबसे बड़ा मुद्दा तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों में हो रही देरी और गैर-शैक्षणिक कार्यों का बढ़ता दबाव है। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें पढ़ाई के अलावा जनगणना, ऑनलाइन पोर्टल संचालन और प्रशासनिक कार्यों में लगाया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही गर्मी की छुट्टियों में कटौती को लेकर भी शिक्षकों में भारी नाराजगी है। संगठन का कहना है कि राजस्थान की भीषण गर्मी को देखते हुए यह फैसला अव्यावहारिक है।
महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने कहा कि कई विद्यालयों को क्रमोन्नत तो कर दिया गया, लेकिन वहां शिक्षकों के पद स्वीकृत नहीं किए गए। हजारों पद खाली होने के बावजूद शिक्षकों को गृह जिलों से दूर तैनात किया जा रहा है। वहीं वेतन विसंगतियां, पदोन्नति और संविदा शिक्षकों के नियमितीकरण जैसे मुद्दे भी लंबे समय से लंबित हैं।
आंदोलन के तहत 14 मई को ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन होंगे, जबकि 29 मई को जिला मुख्यालयों पर विरोध किया जाएगा। इसके बाद 5 जून को बीकानेर निदेशालय और 10 जून को जयपुर में संभाग स्तरीय धरना आयोजित किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 18 जून से प्रदेशव्यापी क्रमिक धरना शुरू कर विधानसभा घेराव भी किया जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

