NEET 2026 पेपर लीक के आरोपियों के साथ तस्वीरें सामने आने पर क्या बोले शिक्षा मंत्री मदन दिलावर?

NEET UG 2026 Paper Leak: नीट पेपर लीक के आरोपी के साथ खुद की और दूसरे बीजेपी नेताओं की फोटो सामने आने के सवाल पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जवाब दिया। उन्होंने PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को बेईमान कहा साथ ही कहा कि नीट पेपर लीक का मामला भारत सरकार से जुड़ा हुआ है ना कि राजस्थान सरकार का।
मेरे साथ हजारों लोग फोटो खिंचाते मुझे क्या पता कोई क्या कर रहा?
मदन दिलावर (Madan Dilawar) ने मीडिया से कहा कि आपके साथ भी मेरे कई फोटो हैं, मुझे क्या पता कल को आप क्या कर दें। हम राजनीति में काम करते हैं, दिन भर में हजार लोग हमारे साथ फोटो खिंचाते हैं, हर किसी के कैसे हमें पता होगा कि वो क्या कर रहा है? किसी ने हमारे साथ फोटो खिंचा ली और फिर कुछ कांड कर आया, उसके हम जिम्मेदार कैसे होंगे। मुझे क्या पता है क्या लोग कर रहे हैं।
अशोक गहलोत के बीजेपी सरकार के आरोप पर जवाब
अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) के बीजेपी सरकार पर पेपर लीक कराने के आरोप पर दिलावर ने कहा कि ये तो वो बात है कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को जा रही है। कांग्रेस ने सारे पेपर लीक कराए, बेचे इन्होंने। इनके लोग आज भी जेलों में बैठे हैं और भी जाएंगे। ये बीजेपी सरकार है, पहले भी कार्रवाई हुई पेपर लीक पर अभी भी कठोर कार्रवाई करेगी। और ये भारत सरकार का मामला है, राजस्थान सरकार का नहीं है।
गोविंद सिंह डोटासरा को बताया बेईमान
गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) के आरोप कि पेपर लीक के आरोपियों की बीजेपी नेताओं के साथ फोटो है, इस पर स्थिति क्यों नहीं स्पष्ट करते कि इनका क्या कनेक्शन है? तो दिलावर ने कहा कि फोटो वाले लोगों से मेरा वही कनेक्शन है जैसे गोविंद सिंह डोटासरा का मेरे साथ, मेरा फोटो उनके साथ, उनके साथ मेरा फोटो, अगर गोविंद सिंह डोटासरा बेईमान हैं तो मैं क्या करूं इसमें।
मदन दिलावर समेत कई बीजेपी नेताओं के साथ आरोपी की तस्वीरें
दरअसल नीट पेपर लीक मामले में जयपुर के जमवारामगढ़ से SOG ने जिन दो भाइयों मांगीलाल बिंवाल और दिनेश बिंवाल को पकड़ा है उनमें से एक दिनेश भाजपा युवा मोर्चा में जिला महामंत्री रह चुका है। दिनेश की मदन दिलावर, कैबिनेट राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आईं जिसके बाद राजस्थान से लेकर दिल्ली तक हलचल मच गई।
कांग्रेस ने तो सीधा बीजेपी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया और सवाल उठाए कि पेपर लीक के आरोपियों से बीजेपी का कनेक्शन है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया था कि NEET पेपर लीक मामले में आरोपी दिनेश बिंवाल भाजपा का पदाधिकारी है। क्या इसीलिए बीजेपी ने इस मामले में अभी तक FIR दर्ज नहीं की थी? क्या इसी वजह से पेपर लीक को छिपाने की कोशिश की गयी?
इस लिंक को शेयर करें

