RSS शाखा महाकुंभ 2026: झुंझुनूं में 800 से ज्यादा स्वयंसेवकों की मौजूदगी में ‘हिंदू-हिंदू भाई-भाई’ का कड़ा संदेश

Jhunjhunun: बीते रविवार को स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शाखा महाकुंभ 2026 में 800 से ज्यादा स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। नगर की 51 शाखाओं से पहुंचे स्वयंसेवकों ने शाखा गतिविधियों के साथ समाज, परिवार और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर मैसेज दिया।

हिंदू-हिंदू भाई-भाई की भावना करें मजबूत- विभाग प्रचारक मुकेश कुमार
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक मुकेश कुमार ने कहा कि जातिवाद समाज को कमजोर करता है, इसलिए ‘हिंदू–हिंदू भाई–भाई’ की भावना को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश ने बीते सालों में कई बड़े काम किए हैं— धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, सुरक्षा और अंतरिक्ष शक्ति में मजबूती लेकिन सामाजिक एकता अभी भी बड़ी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि परिवार व्यवस्था तेजी से बदल रही है। तलाक के बढ़ते मामलों, परिवारों के टूटने और संस्कारों के कमज़ोर होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि-

-रोज परिवार के सभी सदस्य एक साथ भोजन करें
-मोबाइल फोन को कुछ समय दूर रखकर घर में चर्चा का माहौल बनाएं
-धर्म, संस्कृति और परंपरा पर बच्चों से बातचीत करें
'अंग्रेजी सीखना गलत नहीं बल्कि अपनी भाषाओं पर गर्व जताएं'
मुकेश कुमार ने कहा कि “गर्विले हिंदू तैयार करने के लिए घर में ही अपनी छोटी पाठशाला शुरू करनी होगी।” उन्होंने पर्यावरण, जल संरक्षण और पॉलीथिन मुक्त समाज की अपील भी की। भाषा के मुद्दे पर कहा कि अंग्रेजी सीखना गलत नहीं, लेकिन हिंदी और मायड़ भाषा मारवाड़ी पर गर्व जताना जरूरी है।

कार्यक्रम की खास बातें
-यहां 6 साल से लेकर 85 साल तक की उम्र के स्वयंसेवक मौजूद रहे।
-स्वर्ण जयंती स्टेडियम में एक घंटे तक शाखा की पारंपरिक गतिविधियां चलीं।
-कार्यक्रम में दादूद्वारा बगड़ के महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज, प्रमुख व्यवसायी सुरेंद्र बंका, जिला संघ चालक मानसिंह और नगर संघ चालक अनूप गाडिया मौजूद रहे।
इस लिंक को शेयर करें

