RSSB ने बदला भर्ती परीक्षाओं का पूरा गणित! इन तीन भर्ती परीक्षाओं की नयी तारीख निकाली

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने वर्ष 2025-26 में होने वाली सरकारी भर्ती की परीक्षाओं के कैलेंडर में बड़ा बदलाव किया है और तीन बड़ी भर्तियों की परीक्षा की नयी तारीख की अधिसूचना और संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। बोर्ड ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि प्रशासनिक कारणों के चलते तीन परीक्षा की तारीखों में आंशिक परिवर्तन किया गया है।
नई अधिसूचना के अनुसार, 18 जून को होने वाली “पर्यवेक्षक महिला सीधी भर्ती परीक्षा-2026” अब 24 जुलाई 2026 को आयोजित होगी। वहीं “वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026” में कोई बदलाव नहीं किया गया है और परीक्षा पुराने शेड्यूल के अनुसार ही 28 जून 2026 रविवार को होगी। इसके अलावा “लिपिक ग्रेड-II / कनिष्ठ सहायक सीधी भर्ती परीक्षा-2025” की भी तारीख बदलते हुए परीक्षा आयोजित करने की नयी तारीख 5 जुलाई 2026 तय की गयी है।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़े अपडेट्स, एडमिट कार्ड, एग्जाम लोकेशन और अन्य जरूरी सूचनाओं के लिए बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद प्रतियोगी छात्रों को परीक्षा की तैयारी करने के लिए थोडा और समय मिल गया है।
इसके साथ ही, राजस्थान लोक सेवा आयोग ने SI भर्ती 2021 को लेकर भी एक बड़े फैसले की घोषणा की है। आयोग का कहना है कि 20 सितम्बर 2026 को SI भर्ती की जो पुनः परीक्षा आयोजित होगी, उसमें ऐसे किसी भी अभ्यर्थी को मौका नहीं दिया जाएगा, जिसके खिलाफ पेपर लीक, डमी कैंडिडेट या परीक्षा में किसी तरह से नक़ल करने के मामले दर्ज हैं।
इस लिंक को शेयर करें

