SSC GD भर्ती में बवाल! लिमिट 600, बच्चे बुलाये 1000+, प्रयागराज में छात्रों ने सेंटर में कंप्यूटर-मॉनिटर, कैमरा तोड़े

SSC GD Constable Exam 2026, student chaos: बीते कुछ दिनों में परीक्षाओं को लेकर जो ख़बरें सामने आईं हैं, उनको देखकर तो यही लग रहा है कि भारत की सरकार ने सभी परीक्षाओं को मज़ाक समझ लिया है। पहले नीट का पेपर लीक हुआ, फिर CBSE बोर्ड की कॉपियां चेक करने में गड़बड़झाला सामने आया, फिर उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती में शिकायतें, यूपीएससी एग्जाम में हद से भी बहुत ज्यादा मुश्किल पेपर, और अब प्रयागराज से भी ऐसा ही मामला सामने आया है। प्रयागराज में SSC की GD कांस्टेबल भर्ती के दौरान एक सेंटर पर कई छात्र परीक्षा ही नहीं दे पाए, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट गया और उन्होंने पूरे सेंटर में तोड़फोड़ मचा दी। इसके अलावा भी कई केन्द्रों पर बवाल मचा।
जानकारी के अनुसार, 25 मई को स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) की GD कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा थी। प्रयागराज के अंदावा में सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय के आईटेक जोन को एग्जाम के लिए सेंटर बनाया गया, जहाँ पर सबसे बड़ा हंगामा हुआ। दरअसल, सेंटर पर केवल 650 कंप्यूटर मौजूद थे और इतने ही छात्र पेपर दे सकते थे, लेकिन एग्जाम की दूसरी शिफ्ट में 1035 और तीसरी में 1034 छात्रों का सेंटर यहाँ पर लगा दिया। जब लिमिट से ज्यादा छात्र पहुंचे, तो सैकड़ों परीक्षार्थियों को कंप्यूटर और सीट नहीं मिली।
गुस्से में आकर छात्रों ने सेंटर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने कंप्यूटर, मॉनिटर, सर्वर, कुर्सियां, एसी, कूलर और सीसीटीवी कैमरे तक तोड़ दिए। छात्रों ने रोड पर भी चक्का जाम कर दिया। आखिरकार पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बाद में SSC ने सूचना जारी कर कहा कि जिन छात्रों की परीक्षा नहीं लगी, उनकी परीक्षा बाद में वापस कराई जाएगी।
इसी तरह गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज कॉलेज में भी कई छात्रों को सेंटर में एंट्री ही नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने भी प्रदर्शन शुरू किया।
मुजफ्फरपुर में अचानक परीक्षा रद्द
बिहार के मुजफ्फरपुर के बीबी कॉलेज में दूसरी और तीसरी शिफ्ट की परीक्षा बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक रद्द कर दी गई, तो छात्र भड़क गए। उन्होंने परीक्षा तुरंत कराने की मांग की।
छात्रों का आरोप है कि सरकार और आयोग ने परीक्षाओं को मजाक बना रखा है। NEET पेपर लीक के बाद SSC GD में लगातार हो रही गड़बड़ियों ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
SSC ने अभी तक पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। दूसरी तरफ छात्र अब नई तारीख का इंतज़ार और बेहतर व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
इस लिंक को शेयर करें

