होम/undefined/twisha-sharma-murder-deepika-murder-noida-case-for-dowry

ये सुसाइड नहीं ‘मर्डर’ है…मायके वाले बोले दहेज लोभियों ने की बेटियों की हत्या,ट्विशा और दीपिका मामले से समाज की सोच पर फिर सवाल

ये सुसाइड नहीं ‘मर्डर’ है…मायके वाले बोले दहेज लोभियों ने की बेटियों की हत्या,ट्विशा और दीपिका मामले से समाज की सोच पर फिर सवाल
राष्ट्रीय
19 May 2026, 11:54 am
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

Twisha and Deepika Murder case: भोपाल और नोएडा से दो बेटियों की कथित आत्महत्या से पूरा देश दहल गया है। चारों तरफ ये बहस छिड़ गई है कि 21 वीं सदी का 2026 चल रहा है, चांद-तारों को छूने की बातें हो रही हैं, डिजिटल इंडिया का डंका बज रहा है, लेकिन आज भी हमारे समाज का एक ऐसा घिनौना सच है, जो रूह कंपा देता है। वो सच है-दहेज का दानव।

लड़कियों का पढ़ा-लिखा और संपन्न होना भी अब मायने नहीं रखता?

एक पढ़ी-लिखी मॉडल और एक्ट्रेस अपनी बहन को मैसेज करती है कि 'I am Trapped... मैं बुरी तरह फंस गई हूँ...' और कुछ ही घंटों बाद उसकी लाश फंदे पर लटकती मिलती है। वहीं दूसरी तरफ, एक और बेटी की शादी में करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, और शादी के महज 14 महीने बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया जाता है! देश के VVIP इलाकों में बेटियों की डोलियां उठ रही हैं और ससुराल से उनके जनाजे निकल रहे हैं। आखिर ये दहेज की भूख कब शांत होगी? आज इन दो हाईप्रोफाइल मामलों के जरिए हम इसी सिस्टम से सवाल पूछेंगे

भोपाल की मॉडल और एक्टर और ट्विशा की मौत ने पूरे देश को झकझोरा

पहले बात करते हैं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की। नोएडा की रहने वाली 33 साल की पूर्व 'मिस पुणे' और कंटेंट क्रिएटर ट्विशा शर्मा। दिसंबर 2025 में उन्होंने बड़े अरमानों के साथ भोपाल के एक रसूखदार वकील समर्थ सिंह से लव मैरिज की थी। घर में सास कौन? वो खुद एक रिटायर्ड जिला जज—गिरिबाला सिंह! लगा था कि इतने बड़े और पढ़े-लिखे कानूनी परिवार में बेटी महफूज़ रहेगी। लेकिन शादी के सिर्फ 5 महीने बाद, 12 मई की रात को कटारा हिल्स के आलीशान घर में ट्विशा की संदिग्ध मौत हो जाती है।

मायके वालों का आरोप- ये सुसाइड नहीं मर्डर है

मायके वालों का सीधा आरोप है—यह सुसाइड नहीं, मर्डर है! शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तोड़ा जा रहा था। मौत से ठीक पहले का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्विशा सीढ़ियों से ऊपर जाती दिखती हैं और कुछ ही मिनटों बाद तीन लोग उसकी लाश नीचे ला रहे होते हैं। कोर्ट ने भी माना है कि ट्विशा की आखिरी चैट 'मैं फंस चुकी हूँ', इस बात का बड़ा सबूत है कि उसके साथ जुल्म हो रहा था। रसूख का आलम देखिए कि सास को तो जमानत मिल गई, लेकिन पति समर्थ सिंह की याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है।

नोएडा की दीपिका को पेचकस से गोद डाला!

दूसरा मामला उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा का है। जलपुरा गांव की दीपिका, जिसकी शादी 14 महीने पहले करोड़ों रुपये खर्च करके ऋतिक नाम के लड़के से हुई थी। पिता संजय ने अपनी हैसियत से बढ़कर सब कुछ दिया, 1 करोड़ रुपए खर्च किए और एक चमचमाती महंगी लग्जरी गाड़ी स्कॉर्पियो दी। लेकिन दहेज के भूखों की नीयत नहीं भरी। उन्होंने 50 लाख रुपए और ,साथ ही एक फॉर्च्यूनर कार की डिमांड कर दी।

17 मई 2026 की रात को खबर आती है कि दीपिका की छत से गिरकर मौत हो गई। पुलिस इसे शुरुआत में आत्महत्या का एंगल दे रही है, लेकिन दीपिका के चाचा का आरोप सुनेंगे तो आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे! उनका कहना है कि दीपिका के शरीर पर बेरहमी से मारपीट के निशान थे, पेचकस जैसी किसी धारदार चीज से गहरा घाव किया गया था। आरोप है कि पहले उसे बुरी तरह पीटा गया और फिर हादसे का रूप देने के लिए छत से नीचे फेंक दिया गया। इस मामले में पुलिस ने पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों बेटियों को दहेज लोभियों ने किया था प्रताड़ित

ट्विशा शर्मा और दीपिका... दोनों अलग-अलग शहरों की बेटियां थीं, लेकिन दोनों की किस्मत को एक ही दानव ने निगल लिया—दहेज की भूख! सोचिए, एक तरफ जज और वकीलों का वो परिवार जो कोर्ट में दूसरों को न्याय सिखाता है, वहां एक बहू खुद को 'ट्रैप्ड' महसूस कर रही थी। दूसरी तरफ करोड़ों खर्च करने के बाद भी एक बेटी को पेचकस से गोदा जा रहा था। ये कैसी मानसिकता है?

भोपाल से लेकर नोएडा तक प्रदर्शन

आज हमारा समाज इतना खोखला हो चुका है कि शादी में मिलने वाले कैश, गाड़ी और आलीशान सामान के सामने एक जीती-जागती बेटी की जिंदगी की कोई कीमत नहीं बची है। जब तक समाज के ये तथाकथित 'रसूखदार' और 'लालची' लोग सलाखों के पीछे नहीं सड़ेंगे, तब तक कानून की किताबें सिर्फ शोपीस बनकर रह जाएंगी। ट्विशा और दीपिका के परिवार आज इंसाफ की भीख मांग रहे हैं। भोपाल से लेकर दिल्ली तक प्रदर्शन हो रहे हैं। दोनों बेटियों को इंसाफ दिलाने की मांग की जा रही है।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.