अधिकारियों के समर्थन में उतरा संगठन, अब तक 3 गिरफ्तार...जानिए श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहाणी की पिटाई के बाद अब तक क्या-क्या हुआ?

अधिकारियों के समर्थन में उतरा संगठन, अब तक 3 गिरफ्तार...जानिए श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहाणी की पिटाई के बाद अब तक क्या-क्या हुआ?
राजस्थान
01 May 2026, 11:36 am
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

श्रीगंगानगर में बीजेपी विधायक जयदीप बिहाणी के साथ जल जीवन मिशन के अधिकारियों के मारपीट का मामला अब सियासी उबाल ले रहा है। सत्ताधारी पार्टी के विधायक के साथ अधिकारियों के इस बर्ताव पर कांग्रेस ने अब बीजेपी की घेराबंदी करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ये सरकार नहीं सर्कस चल रहा है।

भजनलाल सरकार पर कांग्रेस का निशाना

जयदीप बिहाणी के साथ मारपीट मामले में टीकाराम जूली ने सीधे-सीधे बीजेपी की भजनलाल सरकार पर तंज कसा है। जूली ने कहा कि “ये डबल इंजन की सरकार है। जहां जंगलराज और अराजकता का माहौल है राजस्थान में। यहां विधायक तक सुरक्षित नहीं है। सत्ताधारी पार्टी के विधायक को पीटा जा रहा है। अधिकारी उन्हें पीट रहे हैं। श्रीगंगानगर की ये घटना है। मुख्यमंत्री भजनलाल को अब ये तो समझ आ गया होगा कि उनके प्रदेश के अंदर क्या स्थिति है, क्या हालात हैं। सरेआम विधायक के साथ हमला किया जा रहा है। ये शासन नहीं है, सर्कस चल रहा है।“

वहीं अशोक गहलोत ने भी कहा कि श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ RUIDP के अधिकारियों द्वारा मारपीट प्रदेश में बढ़ती जा रही अराजकता का प्रतीक है। एक सत्ताधारी विधायक के साथ ही यदि ऐसी मारपीट होगी तो आम जनता की क्या स्थिति होगी? सरकार ऐसी घटनाओं को गंभीरता से ले, जनता के बीच सरकार का इकबाल खत्म होता जा रहा है।

अधिकारियों के समर्थन में उतरा संगठन, कार्य बहिष्कार की चेतवानी

दूसरी तरफ RUIDP और एलएनटी (L&T) के इंजीनियर्स अधिकारियों पर जो मारपीट का आरोप बिहाणी ने लगाया है, उसके खिलाफ अब राजस्थान काउंसिल ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स धरने पर उतर आए हैं। संगठन का कहना है कि अगर इस मामले में अधिकारियों पर कार्रवाई हुई तो वे कार्य बहिष्कार कर देंगे। इसके प्रदेश अध्यक्ष बलराम जाखड़ ने कहा कि अधिकारियों पर मारपीट का झूठा आरोप लगाया है। जबकि विधायक और उनके समर्थकों ने मारपीट की है।

राजस्थान में सरकार नहीं, सर्कस चल रहा है l https://t.co/dPUHFR9r4L pic.twitter.com/GrHIboMTxA
— Tika Ram Jully (@TikaRamJullyINC) April 30, 2026

3 लोग गिरफ्तार

विधायक से मारपीट मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि दर्ज हुए मामले के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है वहीं दोनों पक्षों की भी जांच की जा रही है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि मारपीट से पहले गाली-गलौच हुई थी किसने शुरू की और किसने पहले हाथ उठाया।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल बीते एक हफ्ते से श्रीगंगानगर के करनपुर रोड और पुरानी आबादी जैसे इलाकों में पानी की कमी बनी हुई है। विधायक जयदीप बिहाणी इसी मुद्दे पर अधिकारियों से बात करना चाहते थे। तो विधायक जयदीप बिहाणी ने RUIDP और एलएनटी (L&T) के अधिकारियों को अपने विधायक सेवा केंद्र पर बुलाया।

विधायक जयदीप बिहाणी ने आरोप लगाया है कि वो अधिकारियों को सुबह से फोन कर रहे थे लेकिन वे कोई ठोस जवाब ही नहीं दे रहे थे। वहीं जब अधिकारी सेवा केंद्र पहुंचे, तो विधायक ने पानी के इंतजाम में लापरवाही और 550 करोड़ की जल योजना के अधूरे काम पर कड़े सवाल पूछे। ये सवाल-जवाब कब बहस में बदल गई पता ही नहीं चला, और ये बहस इतनी बढ़ गई कि वहां मौजूद RUIDP के असिस्टेंट इंजीनियर ने अपना आपा खो दिया और विधायक पर हमला कर दिया। इस मारपीट में विधायक बिहानी के चेहरे और आंख के पास गंभीर चोट आई है।

बता दें कि 550 करोड़ रुपए का बजट शहर की प्यास बुझाने के लिए अलॉट हुआ था। लेकिन इसकी समय सीमा बीत चुकी है, लेकिन काम आज भी कागजों और गड्ढों में अटका हुआ है। विधायक जयदीप बिहाणी ने अब साफ चेतावनी दी है कि वे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष को इसकी लिखित शिकायत भेज रहे हैं।

ये भी पढ़ें- वैष्णो देवी दर्शन से लौट रही कार में लगी आग, 5 व्यक्ति कंकाल बने: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.