बम-गोलों मिसाइलों से थर्राया अफगानिस्तान का आसमान, पाकिस्तान की एय़रस्ट्राइक में 11 बच्चों समेत 13 की मौत

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में तबाही मचा दी है। रात के अंधेरे पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान की सरजमीं में घुसकर बम-गोले मिसाइलें गिराईं। इससे भड़की तालिबानी सरकार ने दावा किया है कि पाकिस्तान की इस कायराना हरकत से 11 मासूम बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई है। सरकार का कहना है कि पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने कुनार, खोस्त, पक्तिका प्रांत में आम लोगों के घरों को निशाना बनाया है। जिससे इतनी बड़ी संख्या में मासूमों की मौत हुई है। 11 बच्चों के अलावा मरने वालों में एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल है।
तालिबानी सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से किए गए हवाई हमलों ने कुनार, खोस्त, पक्तिका प्रांतों को निशाना बनाया है।
ये एयरस्ट्राइक ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा चौकी पर हमला हुआ था। पाकिस्तान का कहना है कि हमले में उसके 6 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। इसके बाद सीमा पार कार्रवाई की अटकलें लगाई जा रही थीं।
पहले से जारी है संघर्ष
दोनों देशों के बीच इस साल फरवरी से तनाव लगातार बना हुआ है। पाकिस्तान लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान विरोधी आतंकवादी समूह, खासकर TTP (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान), हमलों के लिए करते हैं। वहीं तालिबान सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है।
क्षेत्रीय सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
ताजा एयरस्ट्राइक के बाद क्षेत्र में हालात और बिगड़ने की आशंका बढ़ गई है। नागरिकों की मौत के दावों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता पैदा की है। अगर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक समाधान नहीं निकला, तो सीमा पर सैन्य टकराव और तेज हो सकता है।
आखिर क्यों है दोनों देशों में तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच इस तरह का संघर्ष बीते दो सालों से चल रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण पाकिस्तान, TTP के आतंकवादियों को अफगानिस्तान में पनाह देना बताता है। साथ ही डूरंड रेखा (Durand Line) पर सीमा विवाद है। TTP के आतंकी पाकिस्तान में सैनिकों, सुरक्षा बलों पर हमला करते हैं। डूरंड लाइन पार करके ये आतंकी पाकिस्तान में आतंक फैलाते हैं। पाकिस्तान का यही आरोप है कि अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' यानी TTP को समर्थन देता है, जो पाकिस्तान के अंदर घातक हमले करते हैं। वहीं अफगान तालिबान इन आरोपों को सिरे से नकारता है।
डूरंड रेखा सीमा विवाद
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच की सीमा को 'डूरंड रेखा' कहते हैं। अफगानिस्तान इस सीमा रेखा को आधिकारिक रूप से नहीं मानता, जिसके चलते सीमा पर अक्सर हिंसक झड़पें होती हैं। तनाव बढ़ने पर अक्सर पाकिस्तान की सेना अफगानिस्तान के अंदर घुसकर आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले करती है। इसके जवाब में अफगान सैनिक पाकिस्तानी चौकियों पर भारी गोलाबारी और ड्रोन हमले करते हैं।
ये भी पढ़ें- हमले नहीं रोके, तो मैं साथ छोड़ दूंगा.. - ट्रंप की इजरायल को दो टूक चेतावनी
इस लिंक को शेयर करें

