होम/international/spain-morocco-migrant-intruder-crisis-ceuta-italy-giorgia-meloni

स्पेन में क्यों घुस रहे हजारों की तादात में मोरोक्को के लोग, इमरजेंसी के बने हालात, इटली की PM मेलोनी ने तो दिखा दी आंख

स्पेन में क्यों घुस रहे हजारों की तादात में मोरोक्को के लोग, इमरजेंसी के बने हालात, इटली की PM मेलोनी ने तो दिखा दी आंख
अंतरराष्ट्रीय
31 Jul 2026, 01:44 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

स्पेन से गुरुवार को बेहद खतरनाक वीडियो सामने आए हैं। यहां के उत्तर अफ्रीका में स्थित सेउटा शहर में बड़ी संख्या में मोरक्को से हजारों की संख्या में लोग अवैध तरीके से घुस गए हैं। वे स्पेन और मोरक्को के बीच बनी दीवार के नीचे से घुस रहे हैं। समुद्री रास्ते से आ रहे है कोई नावों में तो कोई तैरकर। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि स्पेन में इमरजेंसी घोषित करने जैसे हालात बन रहे हैं। वहीं इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी आधिकारिक बयान भी दे दिया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा है कि अगर इटली में स्पेन से कोई घुसा तो वो शेंगेन समझौते को रद्द कर देंगी। वहीं सेउटा ने राजधानी मैड्रिड से अतिरिक्त सेना और सुरक्षा बल भेजने की मांग की है।

सेउटा के दौरे पर स्पेन के PM पेड्रो

शुक्रवार यानी आज स्पेन के PM पेड्रो सांचेज, इंटीरियर मिनिस्टर फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का के साथ सेउटा का दौरा कर रहे हैं। बॉर्डर पर तैनात सिविल गार्ड एसोसिएशन के प्रमुख रचिद सबीही ने अंतर्राष्ट्रीय मीडिया को बताया कि हजारों माइग्रेंट्स क्रॉस कर रहे हैं। बॉर्डर पूरी तरह टूट गया था। माइग्रेंट्स की सटीक संख्या तो वो नहीं पता चली है लेकिन वो हजारों की तादाद में थे।

आखिर लोग स्पेन में क्यों घुस रहे हैं?

-मोरक्को से यूरोप पहुंचने का सबसे आसान रास्ता सेउटा ही है। क्योंकि ये शहर अफ्रीका में होने के बावजूद स्पेन का हिस्सा है। यहां पहुंचते ही लोग यूरोपीय संघ (EU) की सीमा में प्रवेश कर जाते हैं। इसलिए ये यूरोप जाने का सबसे छोटा और आसान रास्ता माना जाता है।

-1995 में सेउटा को विशेष स्वायत्त शहर का दर्जा मिला था। ये स्पेन का एक अभिन्न अंग माना जाता है। सेउटा शहर, उत्तरी अफ्रीका में भूमध्य सागर के पास स्थित है। ये जिब्राल्टर स्ट्रेट के पास मुख्य स्पेनिश तट से केवल 14 किमी की दूरी पर है। ये चारों तरफ से मोरक्को से घिरा हुआ है इसलिए यहां के लोग इस पर अपना दावा जताते हैं।

-दूसरी बात ये कि मोरक्को और उप-सहारा अफ्रीकी देशों के कई युवा बेरोजगारी, महंगाई और बेहतर रोजगार की तलाश में यूरोप जाना चाहते हैं। स्पेन उनके लिए पहला पड़ाव बनता है। यहां के कई प्रवासी गरीबी और अस्थिरता से प्रभावित इलाकों से से भी आते हैं। ये यूरोप में शरण लेकर बेहतर जीवन जीना चाहते हैं।

अभी अचानक इतनी भीड़ क्यों आई?

अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल के दिनों में कुछ ही दिनों के भीतर हजारों लोग सेउटा पहुंच गए। यहां के रिफ्यूजी कैंप लोगों से भर चुके हैं। खासतौर पर यहां पर नाबालिग प्रवासियों की भीड़ ज्यादा है। इसलिए कई लोगों को खुले में रहना पड़ रहा है। इसलिए स्थानीय प्रशासन ने इसे आपात स्थिति बताया है।

स्पेन सरकार क्या कर रही है?

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इन हालातों से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस और सेना तैनात की है। गृह मंत्रालय मोरक्को के साथ मिलकर अवैध रूप से आए लोगों को वापस भेजने का काम कर रहा है। सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि सरकार ने सेउटा के अधिकारियों की राष्ट्रीय आपातकाल की मांग को खारिज कर दिया है। स्पेनिश सरकार का कहना है कि इस कानून के तहत प्रवासन इस दायरे में नहीं आता।

बता दें कि ये पहली बार नहीं है कि स्पेन में ऐसा हुआ है। इससे पहले 2021 में भी सेउटा में एक बड़े सीमा संकट के दौरान लगभग 8,000 लोग कुछ ही दिनों में सीमा पार कर गए थे। तब भी स्पेन और मोरक्को के बीच कूटनीतिक तनाव पैदा हो गया था।

18 लोगों की मौत भी हुई

रिपोर्ट्स के मुताबिक सेउटा में स्पेन के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि समुद्र के रास्ते सीमा पार करने की कोशिश के दौरान अब तक कम से कम 18 घुसपैठियों की मौत भी हो गई है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि ये केवल सीमा सुरक्षा का नहीं, बल्कि मानवीय संकट भी बन चुका है।

इटली से स्पेन का शेंगेन समझौता क्या है?

इटली और स्पेन दोनों यूरोपीय संघ के साझा शेंगेन क्षेत्र के मेंबर हैं। इसके तहत 29 यूरोपीय देशों के बीच बिना पासपोर्ट और बिना नियमित सीमा जांच के स्वतंत्र रूप से आना-जाना संभव होता है। मेलोनी के बयान का मतलब है कि अगर कोई घुसपैठिया स्पेन से इटली में घुसा तो वो इस समझौते को रद्द कर देंगी यानी फिर 29 देशों से बिना रोकटोक आवाजाही नहीं हो सकती है। कड़ी जांच-पड़ताल, वीजा-पासपोर्ट के बाद ही इटली आना संभव हो सकेगा।

ये भी पढ़ें- क्या होती है तानाशाही? युगांडा के इस क्रूर नेता ने दिखाया, खौफ ऐसा कि आज भी नाम लेते ही थरथराने लगती है देश की जनता


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.