आखिर कब थमेगी ये लापरवाही! अब जयपुर के चंदवाजी में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार ढहने से 3 मजदूरों की मौत

Jaipur: राजधानी जयपुर के चंदवाजी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली हाईवे स्थित ताला मोड़ के पास निर्माणाधीन 'द पैलेस अरावली' रिसॉर्ट में निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार और मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया। हादसे में 6 मजदूर मलबे में दब गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 और गंभीर रूप से घायल हैं।
सीवरेज गड्ढे में काम कर रहे थे मजदूर
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रिसॉर्ट परिसर में करीब 100 फीट लंबा, 30 फीट चौड़ा और 20 फीट गहरा सीवरेज गड्ढा बनाया गया था। सोमवार को मजदूर इसी गड्ढे में मरम्मत और निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक तरफ की मिट्टी और निर्माणाधीन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
मौके पर मची अफरा-तफरी, ठेकेदार फरार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। चंदवाजी थाना पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी 6 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। चिकित्सकों ने 3 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 3 घायलों को निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद ठेकेदार के मौके से फरार होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बिहार के रहने वाले थे मृतक मजदूर
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।
हादसे के कारणों की होगी जांच
प्रशासन का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा निर्माण में लापरवाही, कमजोर मिट्टी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
11 जून को भी हुआ था ऐसा हादसा, 3 महिला मजदूरों की मौत
18 दिन पहले 11 जून को भी गांधी पथ पर एक निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट की खुदाई के वक्त मिट्टी का टीला ढह गया था जिसमें दबकर उसमें काम कर रहीं 3 महिला मजदूरों की दबकर मौत हो गई थी। इस मामले में ठेकेदारों और निर्माण में भारी लापरवाही सामने आई थी। बावजूद इसके प्रशासन ने इससे कोई सीख नहीं ली और इस तरह के लापरवाही के साथ चल रहे निर्माण कार्य पर कोई मॉनीटरिंग नहीं हुई और अब ये हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें- मोमोज़ गर्ल रिशु गुप्ता से मिलने आएगी यूपी की टीम, CM योगी को लिखा पत्र
इस लिंक को शेयर करें

