मोमोज़ गर्ल रिशु गुप्ता से मिलने आएगी यूपी की टीम, CM योगी को लिखा पत्र

Jaipur: मुख्यमंत्री के VIP काफिले के दौरान खौलते पानी से झुलसी मोमोज विक्रेता रेशु गुप्ता का मामला अब राजस्थान से निकलकर उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के रेहड़ी-पटरी संचालकों के एक राष्ट्रीय संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर रेशु गुप्ता के पुनर्वास और सुरक्षित रोजगार की मांग की है। साथ ही, उन्हें उत्तर प्रदेश के किसी शहर में संचालित 'पिंक वेंडिंग ज़ोन' में स्थान उपलब्ध कराने की अपील भी की गई है।
योगी सरकार और महिला आयोग से दखल की मांग
रेहड़ी-पटरी संचालक राष्ट्रीय संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग को भेजे गए पत्र में रेशु गुप्ता के मामले में दखल करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि रेशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर की रहने वाली हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभाने के लिए जयपुर में मोमोज का ठेला लगाकर आजीविका चला रही थीं।
'पिंक वेंडिंग ज़ोन' में रोजगार देने का प्रस्ताव
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से तत्काल मदद नहीं मिलती है, तो संगठन अपने स्तर पर रेशु गुप्ता को प्रदेश के किसी पिंक वेंडिंग ज़ोन में दुकान या ठेला लगाने की कराने का कोशिश करेगा। उनका कहना है कि इससे पीड़िता को सम्मानजनक और सुरक्षित रोजगार मिल सकेगा।
जल्द जयपुर पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल
संगठन ने ये भी ऐलान की है कि उसके वरिष्ठ पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जयपुर पहुंचेगा। ये टीम रेशु गुप्ता और उनके परिवार से मुलाकात कर हालात का जायजा लेगी और जरूरी कानूनी और मदद उपलब्ध कराने की कोशिश करेगी।
क्या है पूरा मामला?
19 जून को जयपुर के जगतपुरा स्थित महल रोड पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के गुजरने से पहले सड़क खाली कराई जा रही थी। इसी दौरान मोमोज का ठेला लगाने वाली रेशु गुप्ता के साथ हादसा हुआ। रेशु और उनके परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा ठेला हटाने की कार्रवाई के दौरान स्टीमर का खौलता पानी उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और विपक्ष ने भी सरकार से कार्रवाई की मांग की। वहीं, मामले की जांच जारी है।
प्रवासी युवाओं के लिए भी उठाई मांग
लेटर में सिर्फ रेशु गुप्ता के पुनर्वास की मांग ही नहीं की गई, बल्कि यूपी सरकार से ये भी आग्रह किया गया है कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा व्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन विकसित किए जाएं, ताकि रोजगार के लिए युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
ये भी पढ़ें- राजस्थान में आज 20 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले में कब होगी बारिश
इस लिंक को शेयर करें

