होम/jaipur/jaipur-ikka-club-murder-case-bharatpur-open-jail-prisoner-birthday-party

हाई-फाई क्लब...बर्थडे पार्टी का जश्न...एक थप्पड़ और फिर मौत... भरतपुर जेल से फरार कैदी और हिस्ट्रीशीटर ने कैसे की हत्या?

हाई-फाई क्लब...बर्थडे पार्टी का जश्न...एक थप्पड़ और फिर मौत... भरतपुर जेल से फरार कैदी और हिस्ट्रीशीटर ने कैसे की हत्या?
जयपुर
14 Jul 2026, 10:27 am
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Jaipur Ikka Club Murder Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर हार्डकोर अपराधियों का अड्डा बनता जा रहा है। यहा पर पुलिस मुख्यालय है, कमिश्नरेट सिस्टम है। लेकिन इन सबको धता बताते हुए इसी शहर में रविवार देर रात जो हुआ, उसने राजस्थान की कानून व्यवस्था की पूरी पोल खोल दी। भरतपुर की ओपन जेल से फरार एक उम्रकैदी जिसे जेल में होना चाहिए था, वो जयपुर के एक क्लब में बर्थडे पार्टी मना रहा था और पार्टी खत्म होते-होते उसने एक युवक को चाकू से घोंप कर मार डाला।

देर रात 3 बजे चल रही थी हाईफाई क्लब में पार्टी

ये पूरा कांड रविवार देर रात 3 बजे हुआ। मानसरोवर के न्यू अतिश मार्केट स्थित इक्का क्लब में तब बर्थडे पार्टी चल रही थी। पार्टी दे रहा था डॉक्टर दंपती हत्याकांड का आरोपी और जमानत पर बाहर चल रहा हिस्ट्रीशीटर अनुज गुर्जर। उसी ने भरतपुर ओपन जेल से फरार उम्रकैदी कुलदीप उर्फ कल्लू गुर्जर को जयपुर बुलाया। कल्लू वही अपराधी है जिसे जयपुर जेल में गोल्डी और पाकिस्तानी नागरिक शकरुल्ला की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा मिली थी। उसके साथ एक और सजायाफ्ता कैदी राजेश उर्फ सुगड़ भी मौजूद था। यानी पार्टी में सारे के सारे हार्डकोर अपराधी थे और सब पुलिस और कानून व्यवस्था को मुंह चिढ़ाकर बिना किसी डर के जश्न मना रहे थे।

बर्थडे पार्टी के दौरान अनुज की महिला मित्र को अन्नू ने मारा चांटा

इस बर्थडे पार्टी के दौरान हिस्ट्रीशीटर की महिला मित्र से अन्नू गुर्जर की कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 25 साल के अन्नू गुर्जर ने युवती को थप्पड़ मार दिया। गुस्से में अनुज गुर्जर ने क्लब के काउंटर पर रखा रसोई का चाकू उठाया और अन्नू के शरीर में घोंप दिया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अन्नू धौलपुर के बसेड़ी का रहने वाला था। वो बीएड कर चुका था और जयपुर में रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा सरकारी नौकर बनेगा लेकिन वो एक हिस्ट्रीशीटर की बर्थडे पार्टी से लाश बनकर घर लौटा।

8 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें अनुज गुर्जर, राजेश गुर्जर, कुलदीप गुर्जर, जितेंद्र शर्मा, हनुमान गुर्जर, दिशांत, चंद्रसिंह जाट, बबलू रेगर शामिल हैं।

जेल से फरार होने के बाद खुलेआम पार्टी भी कर रहे अपराधी

अब सवाल उठ रहा है कि भरतपुर की ओपन जेल से फरार उम्रकैदी जयपुर कैसे पहुंच गया? वो होटल में पार्टी भी करता है फिर क्लब में भी जश्न मनाता है। रात तीन बजे तक मौज करता है और पुलिस को कुछ पता नहीं चलता? क्या ओपन जेल से फरार अपराधियों पर कोई निगरानी नहीं? क्या राजधानी के क्लब अपराधियों के नए अड्डे बन चुके हैं? और देर रात तक चल रहे इन क्लबों की जांच आखिर कौन करेगा?

6 महीने में जयपुर में हो चुकीं 50 हत्याएं

चौंकाने वाली बात सिर्फ यही नहीं है। जयपुर कमिश्नरेट में जनवरी से जून 2026 के बीच 50 हत्याएं हो चुकी हैं। पिछले साल इसी अवधि में 41 हत्या हुई थीं। यानी हत्या की वारदातों में करीब 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी। इनमें से 40 मामलों में आरोपी परिचित, रिश्तेदार, दोस्त या पड़ोसी निकले। सबसे ज्यादा 15-15 हत्या के मामले दक्षिण और पश्चिम जिले में दर्ज हुए।

ये भी पढ़ें- किडनी ट्रांसप्लांट नहीं किया तो जहर देकर मार दो...डायलिसिस पर पड़ीं प्रसूताओं के परिजनों का अस्पताल को अल्टीमेटम


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.