पाइपलाइन में गहलोत-डोटासरा-जूली ट्रक लेकर शेखावाटी पहुंच जाएंगे, भागीरथ हैं CM भजनलाल- मदन राठौड़

राजस्थान और हरियाणा के बीच 32 साल पुराने यमुना जल समझौते को लेकर पूरे प्रदेश में सियासत गर्म है। एक तरफ कांग्रेस बीजेपी सरकार पर कई तरह के आरोप लगा रही है तो वहीं CM भजनलाल शर्मा के जयपुर में आने पर बीजेपी की तरफ से उनका भव्य स्वागत सम्मान हुआ। CMR में बड़ा कार्यक्रम आयोजित कराया गया। इस कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भागीरथ स्वर्ग से धरती पर गंगा जल लेकर आए थे। लेकिन भजनलाल 32 सालों से विवादों में घिरे यमुना जल विवाद को निपटा कर राजस्थान के लिए पानी लाएं हैं। ये राजस्थान के भागीरथ हैं।
इतनी बड़ी-बड़ी पाइपलाइन लगेंगी
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि एक पाइपलाइन में अशोक गहलोत ट्रक लेकर बैठ जाएं, दूसरी में डोटासरा बैठ जाएं उसमें ट्रक चलाते हुए जाएं, तीसरी में जूली ट्रक लेकर बैठ जाएं और पाइपलाइन से शेखावाटी चले जाएं। इतनी बड़ी-बड़ी पाइपलाइन लगेंगी इस परियोजना में।
भजनलाल के हाथों में यश रेखा है
मदन राठौड़ ने कहा कि अभी शेखावाटी को जैसे-तैसे पानी मिल रहा है जब खुद यमुना जी आ जाएंगी तो लोगों को पानी मिलने लगेगा। मदन राठौड़ ने कहा कि मेरे इलाके के जवाई पुनर्भरण में राशि स्वीकृत की है। बहुत बड़ी बात है पानी मिलने लगेगा। राजस्थान के कई जिलों में जब उद्योग लगेंगे तो विकास तो राजस्थान का होगा ही। मदन राठौड़ ने सीएम भजनलाल शर्मा के लिए कहा कि आप जब दिल्ली जाते हैं तो कुछ ना कुछ राजस्थान के लिए लाते हैं। आपके हाथों में यश रेखा है।
ये भी पढ़ें- “पानी किन शर्तों पर आया, पहले वो बताओ” यमुना जल पर CM पर गहलोत का पलटवार
इस लिंक को शेयर करें

