Rajasthan Weather: बरसते मेघों के साथ सावन की शुरुआत, आज 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Rajasthan Monsoon Rain Alert: राजस्थान में बीते दो दिनों से मानसून फिर मेहरबान हुआ है। जयपुर समेत लगभग हर जिलों में जबरदस्त बारिश हो रही है। बीते दिन तो सबसे ज्यादा बारिश टोंक के मालपुरा तहसील में 117 मिमी बारिश दर्ज की गई। ये सीजन की अब तक सबसे ज्यादा बारिश राजस्थान में है। कल सबसे कम बारिश नागौर तहसील में हुई। यहां सिर्फ 1 मिमी से भी कम बारिश हुई है। वहीं जयपुर में भी बीते दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। हालांकि आज सुबह बादलों के बीच निकली हल्की धूप ने उमस बढ़ा दी है। जिससे गर्मी से लोग बेहाल हो रहे हैं।

आज कहां बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग, जयपुर केंद्र के मुताबिक सीकर, जयपुर, डीडवाना-कुचामन, नागौर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ और सलूम्बर जिलों और आस-पास के क्षेत्रों में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं चूरू, झुंझुनू, अजमेर, भीलवाड़ा, ब्यावर, टोंक, दौसा, बूंदी, उदयपुर, करौली, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के अलावा आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश से कम हुआ तापमान
दो दिन से बरसात से भीग रहे राजस्थान के तापमान में कुछ हद तक कमी आई है। बीते दिन सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 41.3°C रहा। वहीं सबसे कम सिरोही में 20.8°C रहा।

बीते साल के मुकाबले इस बार कम बारिश
जैसा की पहले ही मौसम विभाग ने अलनीनो की सक्रियता के चलते कम बारिश का अंदेश जताया था, वो सच होता दिखाई दे रहा है। हालांकि अभी बारिश के दो महीने बाकी हैं लेकिन दो महीने के आंकड़े ही पिछले साल के आंकड़ों से काफी पीछे हैं। इस बार राजस्थान के 17 जिले तो सूखे की चपेट में हैं। इनमें बारां, झालावाड़, कोटा, बूंदी, उदयपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर जैसे जिले शामिल हैं। सिर्फ 6 जिलों में ही सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। इनमें बीकानेर, चूरू, बालोतरा, बाड़मेर, फलोद, सीकर, झुंझुनूं शामिल हैं। बीते साल 28 जुलाई तक 374.66 मिमी बारिश हुई थी। इस साल ये आंकड़ा 202.51 मिमी ही है।
ये भी पढ़ें- ABVP छात्रों के धरने का रविंद्र सिंह भाटी ने किया समर्थन, विधायक प्रतापपुरी और फूल सिंह भाटी भी धरने पर बैठे
इस लिंक को शेयर करें

