होम/jaipur/rajasthan-weather-update-rain-pre-monsoon-jaipur-19-district-alert

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में शुरू हुआ प्री-मानसून, आज भी जयपुर समेत 22 जिलों में अंधड़-बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में शुरू हुआ प्री-मानसून, आज भी जयपुर समेत 22 जिलों में अंधड़-बारिश का अलर्ट
जयपुर
05 Jun 2026, 11:03 am
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

Rajasthan Weather Rain Alert: राजस्थान में प्री-मानसून अब शुरू हो चुका है। पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते दिन शाम को जयपुर समेत कई जिलों में मौसम ने करवट ले ली और अंधड़ के बाद झमाझम बादल बरसे। पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, टोंक समेत कई जिलों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं और बारिश दर्ज की गई। जयपुर में तो रात भर पानी बरसा, इससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से कई शहरों में उमस महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में 7 जून तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में ज्यादा असर

मौसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, भरतपुर, दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं टोंक, अलवर और चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में कहीं-कहीं ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में आई गिरावट

लगातार सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। कई शहरों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे भीषण लू से राहत मिली है। हालांकि बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण जयपुर और आसपास के इलाकों में उमस लोगों को परेशान कर रही है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से मिल रही नमी के कारण राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हुई हैं। यही वजह है कि प्रदेश में बार-बार आंधी, गर्जना और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।

किसानों और आमजन के लिए राहत

बारिश और बादलों की आवाजाही से गर्मी से राहत मिली है, जिससे खेतों में नमी बढ़ने लगी है। वहीं तापमान में गिरावट से बिजली की मांग में भी कमी आने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- 5 जून को सोने-चांदी का क्या है रेट, राजस्थान में क्या चल रहा भाव


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.