महिलाओं को आज से मिलेंगे 3 हजार रुपए, बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना की शुरुआत, कैसे करें अप्लाई?

Annapurna Bhandar Yojana: पश्चिम बंगाल की लाखों महिलाओं के लिए आज का दिन खास है। राज्य सरकार ने 3 जून से अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 रुपये की पहली किस्त भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के जरिए महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत हो सके।
सरकार के मुताबिक अन्नपूर्णा भंडार योजना पहले से चल रही लक्ष्मी भंडार योजना की जगह ले रही है। जिन महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ मिल रहा था, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे लाभार्थियों को स्वतः नई योजना में शामिल किया गया है।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
योजना का लाभ पश्चिम बंगाल की 25 से 60 साल की आयु वर्ग की महिलाओं को मिलेगा। लाभार्थी का राज्य का निवासी होना और आधार से लिंक बैंक खाता होना जरूरी है, ताकि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए सीधे खाते में राशि भेजी जा सके।
किन्हें नहीं मिलेगा फायदा?
सरकार ने कुछ श्रेणियों की महिलाओं को योजना के दायरे से बाहर रखा है। इनमें शामिल हैं:
-इनकम टैक्स देने वाली महिलाएं
-केंद्र या राज्य सरकार की कर्मचारी
-पंचायत, नगरपालिका और स्थानीय निकायों की कर्मचारी
-सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में कार्यरत महिलाएं
-पेंशनभोगी महिलाएं
कैसे करें आवेदन?
अन्नपूर्णा भंडार योजना की पात्र महिलाएं ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन फॉर्म योजना के पोर्टल और स्थानीय प्रशासनिक कार्यालयों से लिया किया जा सकता है। आवेदन के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते की जानकारी और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होगी।
खाते में कैसे आएंगे पैसे?
योजना की राशि सीधे आधार से लिंक बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। सरकार ने साफ किया है कि DBT के लिए बैंक खाते का आधार से जुड़ा होना अनिवार्य है। अगर आधार और बैंक खाते की सीडिंग पूरी नहीं है तो लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है।
कितनी महिलाओं को मिलेगा लाभ?
रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य में करीब 2 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की संभावना है। हालांकि पात्रता जांच के बाद फाइनल आंकड़ा तय होगा। सरकार का दावा है कि ये योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
ये भी पढ़ें- भारत पर मंडरा रहा एल नीनो का खतरा, 3 महीने पड़ेगा भयंकर सूखा, सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश
इस लिंक को शेयर करें

