क्यों BJP छोड़ रहे हैं के. अन्नामलाई? अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ा सस्पेंस, तमिलनाडु की राजनीति में नई हलचल

K. Annamalai: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के सबसे चर्चित चेहरों में रहे के. अन्नामलाई को लेकर सियासी गलियारों में बड़ा सस्पेंस बना हुआ है। भाजपा से उनके इस्तीफे और नई पार्टी बनाने की अटकलों के बीच अन्नामलाई ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और भाजपा के टॉप लीडरशिप से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक अन्नामलाई ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपने फैसले से अवगत करा दिया है और अब वे अपने अगले राजनीतिक कदम की तैयारी में जुटे हैं।
अमित शाह से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा
दिल्ली में अमित शाह और भाजपा के दूसरे वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा नेतृत्व ने अन्नामलाई से जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेने और अपने भविष्य की योजनाओं पर फिर से सोच-विचार करने का आग्रह किया है। हालांकि बैठक के बाद अभी तक किसी भी पक्ष का आधिकारिक बयान सामने नहीं आए हैं।
क्यों नाराज बताए जा रहे हैं अन्नामलाई?
सियासी सूत्रों के मुताबिक अन्नामलाई पिछले कई महीनों से पार्टी नेतृत्व से असहमत थे। खासकर भाजपा और AIADMK के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर उनकी अलग राय बताई जा रही है। अन्नामलाई चाहते थे कि बीजेपी तमिलनाडु में स्वतंत्र रूप से अपना संगठन मजबूत करे, जबकि केंद्रीय नेतृत्व गठबंधन की रणनीति पर आगे बढ़ रहा था।
इसके अलावा तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी में उनकी भूमिका सीमित होने और प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद भी असंतोष की चर्चाएं सामने आती रही हैं।
क्या बनेगी नई पार्टी?
तमिल मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अन्नामलाई जल्द ही एक नई क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी का गठन कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह पार्टी 'नए द्रविड़ मॉडल' और क्षेत्रीय मुद्दों पर केंद्रित होगी। हालांकि अन्नामलाई ने अभी तक सार्वजनिक रूप से नई पार्टी का ऐलान नहीं किया है और ना ही ऐसा कुछ बताया है।
कुछ रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।
तमिलनाडु में भाजपा के लिए बड़ा झटका?
पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई को तमिलनाडु में भाजपा का सबसे आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा माना जाता रहा है। 2020 में भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने राज्य में पार्टी की मौजूदगी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में उनका पार्टी छोड़ना भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
फिलहाल सभी की नजरें अन्नामलाई के अगले बयान पर टिकी हैं। अमित शाह से मुलाकात के बाद भी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है, लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि तमिलनाडु की राजनीति में जल्द ही एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली के मालवीय नगर होटल में लगी भीषण आग, 21 की मौत, कई विदेशी नागरिक भी बने शिकार
इस लिंक को शेयर करें

