देख क्या रहा गोली चला..खान सर ने खुद गार्ड को फायरिंग को बोला, जानिए FIR में क्या-क्या आरोप

Khan Sir Coaching Firing: पटना के चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर एक बार फिर विवादों में हैं। बीते दिन पहले जिस फायरिंग और हमले को लेकर खान सर खुद पीड़ित पक्ष के रूप में सामने आए थे, उसी मामले में अब उनके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के दौरान फायरिंग करने वाले सुरक्षा कर्मियों ने पूछताछ में कहा कि उन्होंने खान सर के कहने पर गोली चलाई थी।
क्या है पूरा मामला?
2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमला, तोड़फोड़ और पथराव हुआ था। घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों ने हमला कराया है। इस दौरान फायरिंग की भी बात सामने आई थी और एक सुरक्षाकर्मी घायल हुआ था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा, जिसमें दो सुरक्षाकर्मी हथियार चलाते दिखाई दिए। इसके बाद दोनों गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और हथियार भी जब्त कर लिए गए।
पुलिस का दावा क्या है?
पटना पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों गार्डों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर फायरिंग की थी। पुलिस ने इसी आधार पर कदमकुआं थाने में नई FIR दर्ज की है। FIR में खान सर पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब खान सर से भी पूछताछ कर रही है।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में FIR का हवाला देते हुए यह भी दावा किया गया है कि गार्डों ने जांच के दौरान कहा कि उन्हें भीड़ पर गोली चलाने के लिए कहा गया था। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि अभी जांच एजेंसियों द्वारा नहीं की गई है और मामला जांच के अधीन है।
खान सर का पक्ष
खान सर लगातार इस पूरे घटनाक्रम को साजिश बता रहे हैं। उनका कहना है कि उनके संस्थान पर हमला कराया गया और कम फीस में शिक्षा देने की वजह से कुछ लोगों को आपत्ति है। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
जांच के केंद्र में दो सवाल
1-कोचिंग संस्थान पर हमला किसने और क्यों कराया?
2-फायरिंग आत्मरक्षा में हुई या किसी के निर्देश पर?
इन दोनों सवालों के जवाब ही तय करेंगे कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे कानूनी कार्रवाई किस दिशा में जाएगी। फिलहाल जिस मामले में खान सर शिकायतकर्ता पक्ष के रूप में सामने आए थे, उसी में अब वे खुद पुलिस जांच के घेरे में आ गए हैं।
ये भी पढ़ें- क्यों BJP छोड़ रहे हैं के. अन्नामलाई? अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ा सस्पेंस, तमिलनाडु की राजनीति में नई हलचल
इस लिंक को शेयर करें

