शुरू होते ही 12 बजे तक स्थगित हो गई लोकसभा की कार्यवाही, विपक्ष ने जमकर किया हंगामा और नारेबाजी

Parliament Monsoon Session 2026: संसद के मानसून सत्र की शुरूआत हंगामेदार रहने के जो आसार जताए जा रहे थे वो सही साबित हो रहे हैं। 11 बजे लोकसभा शुरू होने के लगभग 20 मिनट बाद ही सदन की कार्रवाई को 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। लोकसभा में प्रश्नकाल की शुरूआत में ही विपक्ष ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में चर्चा की मांग उठाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख स्पीकर ओम बिरला ने दोपहर 12 बजे तक के लिए सदन की कार्रवाई को स्थगित कर दिया।
स्पीकर के मौका देने की अपील के बावजूद चुप नहीं हुआ विपक्ष
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष से कहा कि आप लोग चाहते नहीं हो कि संसद चले, आप चर्चा चाहते ही नहीं हैं। उन्होंने तख्तियां लहराते सदस्यों से शांति बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप लोग प्रश्नकाल को तो शांतिपूर्ण तरीके से चलने दें। मौका आपको भी दिया जाएगा, पर्याप्त दिया जाएगा। लेकिन इस अपील के बावजूद विपक्ष टस से मस नहीं हुआ और हंगामा करता चला गया।
प्रश्नकाल शुरू होते ही वेल में उतरे विपक्षी सदस्य
विपक्ष ने इस हंगामे की योजना पहले ही बनाई हुई थी। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रश्नकाल की शुरूआत होचे ही विपक्षी दलों ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाते हुए कुछ सदस्य वेल तक आ गए और तख्तियां लहराने लगे। इस पर स्पीकर ने कहा कि सदन में तख्तियां लहराना यहां की परंपरा नहीं है, आप ऐसा ना करें।
राज्यसभा में नवनियुक्त सदस्यों ने ली शपथ
बता दें कि संसद के मानसून सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। फिर स्पीकर ने पूर्व सदस्यों के निधन की जानकारी दी। वहीं राज्यसभा में कार्रवाई शुरू होने से पहले नए बने सदस्यों ने शपथ ली। जिसमें राजस्थान से सतीश पूनिया और अलका गुर्जर और नीरज डांगी भी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- ‘जहां तर्क वहां तूफान की जरूरत नहीं’, मानसून सत्र की शुरूआत से पहले बोले पीएम मोदी
इस लिंक को शेयर करें

