पीएम मोदी ने रच दिया इतिहास, तोड़ दिया पहले प्रधानमंत्री नेहरू का रिकॉर्ड, 12 साल पूरे होने पर जानें कितना बदला देश

PM Modi Break Nehru Record: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने लगातार 4,399 दिन पद पर रहने का वो ऐतिहासिक कीर्तिमान बना दिया है, जिसने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) के लोकतांत्रिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। जवाहलाल नेहरू ने 1952 के पहले आम चुनाव के बाद लगातार 4,398 दिन तक प्रधानमंत्री रहे थे। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अब भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। इसी मौके पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में उपलब्धियां गिनाने के लिए अभियान चला रही है, जबकि कांग्रेस सरकार के प्रदर्शन पर सवाल उठा रही है।
बीजेपी ने गिनाईं उपलब्धियां
बीजेपी का दावा है कि पिछले 12 सालों में भारत ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, कल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। पार्टी का कहना है कि सरकार की नीतियों ने गरीब, महिला, किसान और मध्यम वर्ग को सीधे लाभ पहुंचाया है।
कांग्रेस का हमला
दूसरी तरफ कांग्रेस ने "वादा बनाम हकीकत" दस्तावेज जारी कर सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ती ईंधन कीमतों, MSME क्षेत्र की चुनौतियों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। कांग्रेस ने कहा है कि ये तो खुद का ही घोषित रिकॉर्ड है। इसे संदिग्ध तरीके से पेश किया गया है।
PM मोदी की 12 साल की 12 बड़ी योजनाएं और फैसले
1. जन धन योजना
2014 में शुरू हुई प्रधानमंत्री जन धन योजना के जरिए करोड़ों लोगों को पहली बार बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। इससे सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे खातों में पहुंचने लगा।
2. स्वच्छ भारत मिशन
देशभर में शौचालय निर्माण और खुले में शौच मुक्त भारत अभियान मोदी सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल रहा।
3. उज्ज्वला योजना
गरीब महिलाओं को फ्री एलपीजी कनेक्शन देने की योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा प्रभाव डाला।
4. आयुष्मान भारत
गरीब परिवारों को स्वास्थ्य बीमा कवरेज देने के लिए शुरू की गई दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य योजना है।
5. पीएम आवास योजना
गरीब और लोअर क्लास के लोगों को पक्के मकान देने के लिए ये योजना शुरू की गई।
6. जल जीवन मिशन
ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचाने का अभियान मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिना जाता है।
7. डिजिटल इंडिया
डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं और इंटरनेट पहुंच के विस्तार ने भारत को दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में शामिल किया। UPI इसका सबसे बड़ा उदाहरण माना जाता है।
8. मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत
निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने, विदेशी निवेश आकर्षित करने और घरेलू उत्पादन मजबूत करने के लिए कई पहल शुरू की गईं।
9. पीएम किसान सम्मान निधि
किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता देने वाली यह योजना देश की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजनाओं में शामिल है।
10. जीएसटी लागू करना
2017 में लागू वस्तु एवं सेवा कर (GST) को देश के सबसे बड़े कर सुधारों में गिना जाता है।
11. अनुच्छेद 370 हटाना
2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला मोदी सरकार के सबसे चर्चित राजनीतिक निर्णयों में शामिल रहा।
12. नए संसद भवन और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार
एक्सप्रेसवे, रेलवे आधुनिकीकरण, एयरपोर्ट विस्तार, वंदे भारत ट्रेन और नए संसद भवन जैसी परियोजनाओं को सरकार अपनी उपलब्धियों में गिनाती है।
वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका
बीते 12 सालों में भारत ने G-20 की अध्यक्षता की, कई देशों के साथ व्यापार समझौते किए और खुद को ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज के रूप में स्थापित करने की कोशिश की। सरकार का दावा है कि भारत की अंतरराष्ट्रीय साख और प्रभाव पहले के मुकाबले काफी बढ़ा है।
आगे की चुनौती
हालांकि सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रख रही है, लेकिन विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई, कृषि संकट और सामाजिक मुद्दों को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। ऐसे में 12 साल पूरे होने का यह अवसर उपलब्धियों और चुनौतियों दोनों के आकलन का मौका माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- बम-गोलों मिसाइलों से थर्राया अफगानिस्तान का आसमान, पाकिस्तान की एय़रस्ट्राइक में 11 बच्चों समेत 13 की मौत
इस लिंक को शेयर करें

