पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार का निधन, सिख विरोधी दंगों में तिहाड़ जेल में काट रहे थे उम्रकैद की सजा

Sajjan Kumar Dies: नई दिल्ली 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार का गुरुवार को निधन हो गया। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह तिहाड़ जेल में बंद थे।
सफदरजंग अस्पताल के मुताबिक, सज्जन कुमार को सुबह करीब 11 बजे पुलिस उसे अस्पताल लाई। उन्हें गंभीर हालत में भर्ती किया गया लेकिन दोपहर करीब 12:30 बजे उनका निधन हो गया। सज्जन कुमार हाई ब्लड प्रेशर और पार्किंसंस बीमारी (दिमाग की कोशिकाएं नष्ट होना) से पीड़ित थे और पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके थे।
1984 दंगा मामले में काट रहे थे उम्रकैद
सज्जन कुमार 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में दोषी ठहराए गए थे। वह तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे थे। उनके खिलाफ लंबे समय तक चली कानूनी लड़ाई के बाद दिसंबर 2018 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें एक मामले में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
बाद में 2025 में एक अन्य 1984 दंगा मामले में भी उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई। यह मामला सरस्वती विहार इलाके में जसवंत सिंह और तरुणदीप सिंह की हत्या से जुड़ा था। अदालत ने उनकी उम्र और शारीरिक हालत को देखते हुए इस मामले में मृत्युदंड नहीं दिया था।
3 बार लोकसभा सांसद रहे थे सज्जन कुमार
सज्जन कुमार दिल्ली की राजनीति के प्रभावशाली कांग्रेस नेताओं में शामिल रहे। वे 3 बार लोकसभा सांसद चुने गए और बाहरी दिल्ली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। उनका राजनीतिक प्रभाव खास तौर पर दिल्ली की राजनीति में लंबे समय तक रहा।
1980 में वह पहली बार लोकसभा पहुंचे। इसके बाद 1991 और 2004 में भी बाहरी दिल्ली से लोकसभा चुनाव जीते। 2004 में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी और संसद में शहरी विकास तथा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से जुड़ी समितियों में भी रहे।
1984 के दंगों से जुड़ा रहा सबसे विवादित नाम
31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी हिंसा भड़की थी। दिल्ली में हजारों सिख मारे गए। सज्जन कुमार के खिलाफ भी हिंसा में भूमिका और हत्या से जुड़े मामले चले।
ये भी पढ़ें- ‘BJP से पैसे नहीं मिलते’, शहजाद पूनावाला ने बताया क्यों छोड़ी पार्टी
इस लिंक को शेयर करें

