होम/news/madan-rathore-on-hanuman-beniwal-statement-nagaur-mp-retaliate

5 आदमियों के साथ प्रदर्शन कर रहे बेनीवाल, मदन राठौड़ के बयान पर हनुमान बोले- तुम्हारे लाठी-डंडों से नहीं डरता

5 आदमियों के साथ प्रदर्शन कर रहे बेनीवाल, मदन राठौड़ के बयान पर हनुमान बोले- तुम्हारे लाठी-डंडों से नहीं डरता
राजस्थान
30 May 2026, 01:51 pm
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

Hanuman Beniwal and Madan Rathore: बीते दिन डीडवाना-कुचामन में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के काफिले के सामने हनुमान बेनीवाल की RLP के कार्यकर्ताओं ने जो प्रदर्शन किया उस पर अब मदन राठौड़ का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर हनुमान बेनीवाल के करारा हमला बोला। उन्हें विष का पौधा तक बता दिया और कह दिया कि उनके पास शब्द ही नहीं बचे हैं। लेकिन इस पर भी हनुमान बेनीवाल ने पलटवार कर दिया और कह दिया कि बीजेपी के लाठी-डंडों ने हम डरने वाले नहीं हैं।

'4-5 लड़कों को लेकर क्या प्रदर्शन करना चाहते हैं'

मदन राठौड़ ने बेनीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि कोई कल्पना नहीं कर सकता कि भारत का कोई सांसद इस तरह की शब्दावली का प्रयोग कर सकता है। उनके पास शब्दकोष का अकाल पड़ा हुआ। आज वो 4-5 लड़कों को लेकर क्या प्रदर्शन करना चाहते थे। हम निचले स्तर पर नहीं उतरते। सबक सिखाना हमें भी आता है। हम इस तरह का काम करें तो ठीक नहीं लगेगा और मेरे कार्यकर्ताओं को भी अच्छा नहीं लगेगा। लेकिन गुस्सा बहुत है।

जो शख्स विनम्र तरीके से आदर पूर्वक मेरे साथ व्यवहार करता है और मीडिया के सामने, जनता के सामने आकर इस तरह से ओछी बात करता है उसके बारे में तो मैं चर्चा भी नहीं करना चाहता। ऐसे व्यक्ति का तो समाज से ही बहिष्कार करना चाहिए। ऐसे व्यक्ति के बारे में मैं ज्यादा बोलता नहीं हूं। राठौड़ ने कहा कि ये हमारी बड़ी गलती थी कि हमने हनुमान बेनीवाल जैसे व्यक्ति को कभी साथ मिलाया। विष के पौधे को चाहे जितना पानी पिला लो, वो सिर्फ ज़हर ही उगलता है।

ये भी पढ़ें- हनुमान बेनीवाल का डिजिटल दबदबा: राहुल गांधी को पीछे छोड़ा, भजनलाल पर चला दिया तूफ़ानी ट्रेंड

क्या कहा हनुमान बेनीवाल ने?

कुचामन सिटी में RLP कार्यकर्ताओं के मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने के मामले में 9 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। इस पर हनुमान बेनीवाल ने X पर कहा कि कुचामन में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने पहुंचे RLP कार्यकर्ताओं पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के पुलिस बल का प्रयोग करवाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजस्थान की जनता इसका जवाब आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से अवश्य देगी। पुलिस की यह कार्रवाई पूरी तरह से अनुचित और पार्टी विशेष से प्रेरित लग रही है जिसकी मैं कड़ी निंदा करता हूं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सदस्य सत्ता की लाठी और गोली से डरने वाले नहीं है |

भैराणा धाम से उठी आंच ने लगाई सियासत में आग

दरअसल दूदू जिले के भैराणा धाम में RIICO की जमीन अधिग्रहण के खिलाफ हनुमान बेनीवाल ने संतों के साथ महापंचायत की। मांगें तो मान ली गईं, लेकिन बेनीवाल के 'बोल' बेकाबू हो गए। उन्होंने भरी सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को 'मूर्खाधिराज' और मंत्रियों को 'मूर्खों की जमात' कह डाला था। बस तभी से इस मुद्दे पर माहौल गर्माया हुआ है।

यानी कल तक जो बेनीवाल बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ते थे, आज वो बीजेपी की नज़र में 'विष का पौधा' बन चुके हैं। अब देखना यह है कि मदन राठौड़ का यह 'विष' वाला बयान और बीजेपी की 'हिसाब' वाली चेतावनी मारवाड़ की जाट राजनीति को किस मोड़ पर ले जाती है।

ये भी पढ़ें- भजनलाल सरकार ने घटाई RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा, क्या ये मूर्खाधिराज कांड का नतीजा?


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.