‘फ्लॉप है CM भजनलाल का रोड शो’… अशोक गहलोत की भविष्यवाणी, निकाय चुनाव में बुरी तरह हार रही बीजेपी

राजस्थान में निकाय चुनाव के पहले चरण के ठीक पहले कांग्रेस ने बीजेपी पर जोरदार बम फोड़ा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि इस निकाय चुनाव में बीजेपी की बुरी तरह हार होने वाली है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो को फ्लॉप करार दिया है।
"वार्ड का विकास रोकने की धमकी दे रहे हैं बीजेपी के मंत्री-विधायक"
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि अपने गृह जिले भरतपुर समेत सभी जगहों पर मुख्यमंत्री के फ्लॉप रोड शो, पार्षद चुनावों में मंत्री और विधायकों द्वारा भाजपा का पार्षद न बनने पर वार्ड का विकास रोकने की धमकी, BJP के बागी उम्मीदवारों तक के प्रतिष्ठानों पर GST के छापे और उनके प्रतिष्ठानों को सील करना आदि दिखा रहे हैं कि भाजपा नगरीय निकाय चुनावों में बुरी तरह हार रही है।
"बीजेपी की एक तरफा हार सुनिश्चित"
गहलोत ने आगे कहा कि आज तक सत्ताधारी दल के खिलाफ इतना माहौल कभी नहीं देखा गया। भाजपा के ढाई साल के कुशासन से अब जनता इतनी त्रस्त है कि 9 और 11 सितंबर को होने वाले चुनावों में भाजपा की एकतरफा हार सुनिश्चित करने के लिए वोटिंग करने के लिए बड़ी संख्या में निकलेगी।
राजस्थान निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा की हार से आने वाले ढाई साल में भाजपा जनता की आवाज सुनकर काम करने के लिए मजबूर होगी।
ये भी पढ़ें- 9 सितंबर को पहले चरण की वोटिंग, 57 लाख से ज्यादा वोटर्स करेंगे मतदान, इनकी रहेगी छुट्टी
इस लिंक को शेयर करें

