Rajasthan Nikay Election Voting: 9 सितंबर को पहले चरण की वोटिंग, 57 लाख से ज्यादा वोटर्स करेंगे मतदान, इनकी रहेगी छुट्टी

Jaipur: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार, 9 सितंबर 2026 को मतदान होगा। पहले चरण में प्रदेश के 39 जिलों के नगरीय निकायों में वोट डाले जाएंगे। 39 जिलों में करीब 57.52 लाख मतदाता 5,393 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
पहले चरण में 4 नगर निगम समेत कुल 168 नगरीय निकायों में मतदान होगा। इनमें जयपुर के 18 निकाय भी शामिल हैं। साथ ही 27 नगर परिषद और 137 नगर पालिकाओं में भी इस दिन वोटिंग होगी। इन निकायों में 5,393 वार्डों के लिए 20,623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
9 सितंबर को कहां-कहां होगा मतदान?
पहले चरण में प्रदेश के 39 जिलों में मतदान होगा। 4 नगर निगम भरतपुर, अलवर, पाली और भीलवाड़ा नगर निगम शामिल हैं। वहीं जयपुर नगर निगम समेत 6 नगर निगमों में दूसरे चरण यानी 11 सितंबर को मतदान होगा।
पहले चरण में नगर परिषद और नगर पालिकाओं के भी बड़ी संख्या में निकाय शामिल हैं।
जयपुर के इन निकायों में 9 सितंबर को वोटिंग
जयपुर जिले की बात करें तो जयपुर नगर निगम को छोड़कर 18 नगरीय निकायों में 9 सितंबर को वोटिंग होगी। इनमें चौमूं, शाहपुरा, बगरू, चाकसू, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, फागी, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नरैना और वाटिका शामिल हैं।
57 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे वोट
पहले चरण में कुल 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनके लिए 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बता दें कि राजस्थान निकाय चुनाव के दोनों चरणों को मिलाकर नगरीय निकाय चुनाव में 1,44,03,853 मतदाता वोट डालेंगे। पूरे प्रदेश में 10,245 वार्डों के लिए चुनाव हो रहे हैं।
इस बार कितने नए मतदाता?
निकाय चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं की संख्या 2019 के मुकाबले करीब 24 प्रतिशत बढ़ी है। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक पहले चरण में 57.52 लाख मतदाता हैं। पूरे प्रदेश के मतदाता आंकड़ों में 18 से 25 साल आयु वर्ग की हिस्सेदारी करीब 14.7 प्रतिशत है। वहीं 26-35 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की हिस्सेदारी 25.4 प्रतिशत बताई गई है। यानी युवा वोटर्स इस चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं।
9 सितंबर को किस-किसकी छुट्टी रहेगी?
राजस्थान सरकार ने निकाय चुनाव को देखते हुए मतदान वाले दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यानी जिन नगरीय निकाय क्षेत्रों में 9 सितंबर को मतदान है, वहां बुधवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। ये छुट्टी Negotiable Instruments Act के तहत घोषित की गई है।
इसके अलावा मतदान में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हो सकें, इसके लिए कर्मचारियों को पेड लीव (सवैतनिक अवकाश) देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। ये व्यवस्था सरकारी के साथ निजी संस्थानों में काम करने वाले ऐसे कर्मचारियों पर भी लागू है, जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं।
दूसरे चरण में 11 सितंबर को भी छुट्टी
निकाय चुनाव का दूसरा चरण 11 सितंबर 2026 को होगा। उस दिन जिन नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान होगा, वहां भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
स्कूल-कॉलेज और दफ्तर भी रहेंगे बंद?
जिन क्षेत्रों में 9 सितंबर को मतदान है, वहां मतदान दिवस को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। ऐसे क्षेत्रों में सरकारी कार्यालयों के साथ संबंधित संस्थानों पर भी छुट्टी के आदेश लागू होंगे। स्थानीय प्रशासन ने मतदान केंद्र बनाए गए स्कूल-कॉलेजों में भी मतदान व्यवस्था के लिए जरूरी तैयारियां की हैं।
हालांकि, चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों पर सामान्य छुट्टी लागू नहीं होगी। चुनाव ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को निर्धारित जिम्मेदारी निभानी होगी।
20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में
पहले चरण में 20,623 उम्मीदवार 5,393 वार्डों के चुनाव मैदान में हैं। यानी प्रत्येक वार्ड में औसतन करीब चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
मतदान के बाद सभी की नजरें 14 सितंबर पर रहेंगी। दोनों चरणों में डाले गए वोटों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। इसके बाद 21 सितंबर को नगर निगमों में महापौर और नगर परिषद/नगर पालिकाओं में सभापति-अध्यक्ष के चुनाव होंगे। 22 सितंबर को उपमहापौर, उपसभापति और उपाध्यक्ष पदों के लिए प्रक्रिया होगी।
ये भी पढ़ें- ‘7 दलों की हांडियां चाट कर आए हैं, मुझे क्या चरित्र सिखाएंगे’, प्रहलाद गुंजल पर मदन दिलावर का पलटवार
इस लिंक को शेयर करें

