बेरोजगारी भत्ते का इंतजार कर रहे युवाओं को मिला बेनीवाल का साथ, भजनलाल सरकार से की अपील

राजस्थान में 2 लाख से ज्यादा बेरोजगार भत्ता का इंतजार कर रहे हैं। इस इंतजार को 7 महीने से भी ज्यादा हो गए हैं, लेकिन उनके खाते में वो रकम नहीं पहुंची जो मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत मिलने वाली थी। रोजगार निदेशालय ने बिल तैयार करके वित्त विभाग में तो भिजवाया हुआ है लेकिन अभी तक समय पर युवाओं को ये बेरोजगारी भत्ता नहीं मिल पाया है। इसी पर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बीजेपी सरकार से अपील की है कि युवाओं को जल्द से जल्द बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।
'हर महीने भत्ता का प्रावधान, 7 महीने हो गए'
हनुमान बेनीवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रदेश के करीब 2 लाख युवा पिछले 7 महीनों से बेरोजगारी भत्ते का इंतजार कर रहे हैं, जबकि सरकार की योजना के तहत पात्र युवाओं को हर माह आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। दूसरी ओर, कई जिलों में युवाओं को कई महीनों से भुगतान नहीं मिला है।
बेरोजगारों को मिले न्याय- बेनीवाल
ये सिर्फ भत्ते की राशि का सवाल नहीं है, बल्कि उन युवाओं के सम्मान और उनके भविष्य का सवाल है, जो रोजगार की तलाश में संघर्ष कर रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अपील करता हूं कि राज्य सरकार तत्काल लंबित बेरोजगारी भत्ते का भुगतान करे और सभी पात्र बेरोजगार युवाओं को समय पर भत्ता देना सुनिश्चित करें। सरकार युवाओं को आंकड़ों और घोषणाओं में नहीं, रोजगार और आर्थिक सहारे के रूप में न्याय दें।
ये भी पढ़ें- डूंगरपुर के स्कूल की जर्जर छत गिरी, बाल-बाल बचे 120 मासूम बच्चे, डोटासरा ने सरकार पर साधा निशाना
इस लिंक को शेयर करें

