संजय शर्मा के धरने को लेकर PM मोदी से बेनीवाल ने पूछा सवाल, सरकार की प्रशासन पर कोई पकड़ नहीं

वन मंत्री संजय शर्मा के अलवर नगर निगम पर सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठने को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे सवाल पूछा है और कहा कि राजस्थान में हालात चिंताजनक हो गए हैं।
संजय शर्मा का धरने पर बैठना चिंताजनक- बेनीवाल
हनुमान बेनीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए कहा कि राजस्थान में जो हालात बने हुए है वो चिंताजनक है। प्रदेश की भजनलाल सरकार के वन मंत्री संजय शर्मा को अपने ही गृह जिले में कलक्टर और अन्य अधिकारियों की कार्यशैली और मनमानी के खिलाफ धरने पर बैठना पड़ा, ये अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है।
जब सरकार के मंत्री ही अधिकारियों से आहत होकर धरना देने को मजबूर हो जाए, तो आम किसान, युवा, कर्मचारी और गरीब जनता की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। राजस्थान सरकार के वन मंत्री के धरना देना ये स्पष्ट करता है कि प्रशासनिक व्यवस्था पर सरकार की कोई पकड़ नहीं रही है और अधिकारी जवाबदेही से दूर होते जा रहे हैं।
भजनलाल शर्मा क्या देंगे जवाब- बेनीवाल
बेनीवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों और जनता की आवाज़ को प्रशासनिक अहंकार के आगे दबाना उचित नहीं है। राजस्थान को जवाबदेह शासन और संवेदनशील प्रशासन की जरूरत है। क्या प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ऐसे मामले पर संज्ञान लेकर अलवर कलक्टर और अन्य अफसरों के खिलाफ कार्यवाही करेंगे? क्या मुख्यमंत्री,खुद की सरकार के ही मंत्री के दिए जा रहे धरने के मामले में कोई वक्तव्य देंगे?
क्यों धरने पर बैठे मंत्री संजय शर्मा
दरअसल बुधवार को ये सफाई कर्मी वन मंत्री संजय शर्मा के आवास गए थे। वहां उन्होंने अपनी परेशानियां सुनाईं और नगर निगम की शिकायत की। इसके बाद संजय शर्मा ने जिला कलेक्टर से बात भी की लेकिन कोई स्पष्ट समाधान नहीं निकला। इसके बाद वे अलवर नगर निगम गए और वहां सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठ गए। यहां संजय शर्मा ने कहा कि नगर निगम और जिला कलेक्टर 6 महीने से सफाईकर्मियों की नियुक्ति पत्र क्यों रोक रहे हैं। जब सरकार से आदेश आ चुके हैं फिर क्या समस्या है इन्हें।
क्या है कर्मचारियों की समस्या
संजय शर्मा को इन सफाईकर्मियों ने बताया कि वे करीब 6 महीने से नियुक्ति पत्र के लिए जिला कलेक्टर और नगर निगम के अधिकारियों के लिए भटक रहे हैं। लेकिन अभी तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया।
ये भी पढ़ें- अपने ही प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे वन मंत्री संजय शर्मा, गहलोत बोले- बीजेपी के मंत्रियों की ये है हैसियत
इस लिंक को शेयर करें

